- अन्तिम दिन हाईस्कूल के उर्दू, पंजाबी व गुजराती तथा इंटरमीडिएट की व्यवसायिक (ट्रेड) विषय की हुई परीक्षाएं
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं संपन्न हो गयी। यह परीक्षाएं 22 फरवरी 2024 से 09 मार्च तक आयोजित की गयी। परीक्षा के अन्तिम दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल के उर्दू, पंजाबी व गुजराती विषयों का तथा इण्टरमीडिएट के व्यवसायिक (ट्रेड) विषय की परीक्षाएं सम्पन्न हुई।
वर्ष 2024 की परीक्षा से सम्बन्धित जनपद में बने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के कुशल मार्गनिर्देशन में जोनल मजिस्ट्रेट्स, सैक्टर मजिस्ट्रेट्स एवं सचल दलों द्वारा निरन्तर किया गया। जनपद में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं जिले के 72 कालेजों में बनाये गये परीक्षा केन्द्रों में 22 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस परीक्षा में यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार 58 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत किये गये थे।
बोर्ड परीक्षा के लिए 58 हजार 700 विद्यार्थियों ने आवेदन किया, इनमें 27 हजार 301 इंटरमीडिएट और 31 हजार 399 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के शामिल रहे। परीक्षा के अन्तिम दिवस प्रथम पाली के अन्तर्गत हाईस्कूल के उर्दू, पंजाबी व गुजराती विषयों में 397 छात्र व 372 छात्राएं (कुल 769 परीक्षार्थी) पंजीकृत हैं, जिनमें से 376 छात्रों एवं 355 छात्राओं (कुल 731 परीक्षार्थियों) ने उपस्थित होकर परीक्षा दी तथा 21 छात्र एवं 17 छात्राएं (कुल 38 परीक्षार्थी) अनुपस्थित रहीं।
इण्टरमीडिएट के व्यवसायिक (ट्रेड) विषय में 267 छात्र व 178 छात्राएं (कुल 445 परीक्षार्थी) पंजीकृत हैं, जिनमें से 255 छात्रों एवं 170 छात्राओं (कुल 425 परीक्षार्थियों) ने उपस्थित होकर परीक्षा दी तथा 12 छात्र एवं 08 छात्राएं (कुल 20 परीक्षार्थी) अनुपस्थित रहीं।
9 छात्रों से हुए थे अवैध हथियार बरामद
खतौली के के जैन इण्टर काॅलेज में परीक्षा के दौरान नौ छात्रों से अवैध हथियार बरामद होने से सनसनी मची रही। इसके अलावा परीक्षा पूरी तरह से नकलविहीन हुई है।
16 मार्च से होगा मूल्याकंन
परीक्षाएं संपन्न हो जाने के साथ ही अब शिक्षा विभाग ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच शिक्षा विभाग ने अब 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तारीख भी घोषित कर दी है। मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होने जा रहा है। शहर के पांच मुख्य कालेजों में होने वाले मूल्यांकन के लिए शिक्षा विभाग ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
डीआईओएस डाॅ. धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से प्रस्तावित हैं। बोर्ड से आदेश मिलने के बाद तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मूल्यांकन का कार्य शहर के राजकीय इण्टर काॅलेज, डीएवी इण्टर काॅलेज, एसडी इण्टर काॅलेज भोपा रोड और इस्लामिया इण्टर काॅलेज आर्य समाज रोड पर होगा। इनमें तीन केन्द्रों पर इण्टर और दो केन्द्रों पर हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराये जाने की तैयारी है। बोर्ड से मूल्यांकन के लिए स्टाफ मिलने के बाद उनको केन्द्रों का आवंटन करा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि बोर्ड के दिशा निर्देशन में समय से मूल्यांकन का कार्य पूर्ण कराया जाये।

