जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: अवैध शराब कारोबार, निष्कर्षण, भंडारण, परिवहन इत्यादि के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना कोतवाली नजीबाबाद क्षेत्रातंर्गत ग्राम बिजौरी, जट्टीवाला और बडिया में अवैध शराब के विभिन्न संदिग्ध अड्डों पर औचक दबिश देकर छापेमारी की। पुलिस ने अवैध शराब का काम करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए दो बाइक बजाज प्लेटिना तथा टीवीएस अपाचे से शराब तस्करी कर रहे मलकीत पुत्र बूटा सिंह व सर्वजीत सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम मधपुरी, थाना बढ़ापुर, तहसील नगीना को गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर प्लास्टिक की बोरी व रबर के ट्यूब में भरकर ले जायी जा रही करीब 300 लीटर अवैध शराब को वाहन सहित कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नजीबाबाद में आबकारी अधिनियम की धारा के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया। छापामार कार्यवाही करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 नजीबाबाद कृष्ण मुरारी सिंह, उप निरीक्षक विनोद कुमार पिप्पल आदि मौजूद रहे।

