नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए सकारात्मक रही। सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार हलचल देखने को मिली, जब बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BASE) का सेंसेक्स करीब 200 अंकों की तेजी के साथ 80,628.99 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी मजबूती के साथ 24,736.50 के ऊपर कारोबार करता नजर आया।
इस तेजी की एक बड़ी वजह आज से शुरू हो रही भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की अहम बैठक मानी जा रही है। बाजार को उम्मीद है कि बैठक में ब्याज दरों को लेकर कुछ राहतभरे फैसले लिए जा सकते हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
सेंसेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों के प्रदर्शन की बात करें तो भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ईटर्नल, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक, एलएनटी और भारती एयरटेल के शेयरों पर दबाव बना रहा और इनमें गिरावट देखने को मिली।
वैश्विक बाजारों का रुख भी भारतीय बाजार को समर्थन देने वाला रहा। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हॉन्ग कॉन्ग का हेंग सैंग हरे निशान में रहे। हालांकि जापान का निक्केई सूचकांक नुकसान के साथ बंद हुआ। उधर, अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिससे वैश्विक संकेत सकारात्मक बने हुए हैं।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बाजार पर बिकवाली का दबाव रहा था। सेंसेक्स में करीब 2,200 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि निफ्टी भी 672 अंकों से अधिक टूट गया था। शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने जहां 5,687.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 5,843.21 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को संतुलित बनाए रखा।

