- मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए किया संबोधित
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों के युवक मंगल दलों से संवाद कर विभिन्न जनपदों में प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री प्राप्त कर रहे युवक एवं महिला मंगल दलों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने मंगल दलों को स्पोर्ट किट उपलब्ध कराते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को खेल के प्रति जागरूक, नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और उनको एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाने में अपनी सफल भूमिका अदा करेंगे की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति का प्रतीक है। एक युवक कल का नहीं आज का युवक है इसलिए उसे एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाने का काम किया जाए।
इधर, शामली जनपद में कलक्ट्रेट एनआईसी में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन को जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी, समाजसेवी प्रसन्न चौधरी सहित उपस्थित युवक एवं महिला मंगल दलों द्वारा सुना गया।
जनपद के 5 युवक एवं 2 महिला मंगल दलों को जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी, समाजसेवी प्रश्न चौधरी द्वारा स्पोर्ट किट उपलब्ध कराई। साथ ही, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एमएस तोमर जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 120 युवक मंगल दल एवं 115 महिला मंगल दल का गठन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि एक ग्राम पंचायत में एक युवक एवं एक महिला मंगल दल बनाया जाता है। इन दलों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता करने का भी कार्य किया जाता है।

