- पिछले एक सप्ताह में ही 50 हजार से ऊपर पहुंचा सोन
- चांदी भी खूब चमक रही दिसंबर तक है शादी का सीजन फिर होगा सस्ता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शदियों के सीजन के साथ ही सराफा बाजार में भी चमक आ गई है। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो सोने के दामों में भारी उछाल देखने को मिला है। एक सप्ताह में ही सोने के दाम 50 हजार रुपये प्रति तोला से ऊपर पहुंच गये हैं।
उधर, चांदी के दामों में भी एक हजार रुपये प्रति किलो का अंतर देखने को मिला है। जानकारों की मानें तो अब शादियों के सीजन में सोने के दाम और भी बढ़ने की उम्मीद है।
पिछले कुछ माह की ही बात करें मो यहां सोने के दाम 42 हजार रुपये तोला तक पहुंच गये थे, लेकिन अब एक ही माह में यहां सोने के दामों में काफी उछाल देखने को मिला है। अब सोने के दाम धीरे-धीरे पिछले साल के मुकाबले पर पहुंचने वाले है। पिछले साल इसी माह में सोने के दाम 56 हजार रुपये तोला के आस पास थे। अब जानकार मानकर चल रहे हैं कि इस साल के अंत तक यह दाम वहीं पहुंच सकते हैं।
सोने के दामों में शादियों के सीजन के चलते भारी उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो सोने के दामों में एक हजार से अधिक की वृद्धि हुई है। सोना चांदी व्यापार संघ के अध्यक्ष संत कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले शनिवार को सोने के दाम यहां 49,750 रुपये तोला थे।
वहीं, इस शनिवार को यह दाम 50,850 रुपये तोला पहुंच गये हैं। वहीं, चांदी की बात करें तो चांदी के दाम पिछले शनिवार को 65,550 रुपये किलो थे जो इस शनिवार को 67, 050 तक पहुंच गये हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में इस समय शादियों के सीजन की खरीदारी चल रही है। शादियों के इस सीजन में दो माह तक सोने के दाम और अधिक बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोने के दामों में फिर से तेजी आई है।
जांच के लिये बनाई गई टीम शुक्रवार को पकड़ में आया था नकली होलमार्किंग का मामला
नकली होलमार्किंग को लेकर भी बीएसआई ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सराफा बाजार में दो दिन पूर्व पकड़ी गई नकली होलमार्किंग की ज्वैलरी के बाद बाजार में सख्ती नजर आ रही है। इसको लेकर बीएसआई की ओर से भी टीम बनाई गई है जो गुपपुच तरीके से दुकानों पर जाकर जांच कर रही है साथ ही होलमार्किंग के कार्य वाले केन्द्रों पर भी नजर रख रही है।
बीएसआई की ओर से सभी सराफा के लिये होलमार्किंग की ज्वैलरी बेचने के ही निर्देश जारी किये गये थे। बिना होलमार्किंग के कोई भी ज्वैलर्स जेवरात नहीं बेच सकता। इसके बाद से सीजन के दौरान दुकानदारों ने इसका तोड़ भी निकाल लिया और नकली होलमार्किंग के ज्वैलरी बेचनी शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को नीलगली में एक ज्वैलर्स के यहां छापा मारकर टीम ने नकली होलमार्किंग की ज्वैलरी भी पकड़ी थी। अब इसे लेकरे बीएसआई की ओर से गुपचुप तरीके से भी जांच कराई जा रही है। इसके लिये एक टीम बनाकर कार्य किया जा रहा है जो अन्य ज्वैलर्स के यहां भी जांच पड़ताल कर रही हैं।
ग्राहक बनकर की जा सकती है जांच
बीएसआई की ओर से बनाई गई टीम यहां सराफा की दुकानों पर जायेगी और जांच करेगी कि ज्वैलर्स के यहां किस प्रकार की ज्वैलरी बेची जा रही है। ज्वैलर्स के यहां ग्राहक बनकर भी टीम के सदस्य पहुंच सकते हैं और ज्वैलरी की जांच कर सकते हैं।

