- एक तरफ लोग त्योहार के मौके पर भी पीने के पानी को तरसे
- दूसरे मोहल्ले के बाशिंदे गुजार रहे नर्क जैसी जिंदगी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: तस्वीर के दो रुख आप इसी शहर में देख सकते हैं। शहर में जहां एक तरफ लोग त्योहार के मौके पर भी पीने के पानी को तरस रहे हैं। वहीं इसी शहर में एक मोहल्ले के बाशिंदे गली में कीचड़ व गंदे पानी की वजह से नर्क जैसी जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। गंदे पानी के बीच जिंदगी दो-चार दिन से नहीं, बल्कि छह महीने से ज्यादा समय से ऐसे ही हालात में रह रहे हैं। बड़ी बात तो यह है कि शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखे मूंदे हुए हैं। एक ही शहर में हर आदमी की अलग-अलग समस्या हो रही है। बड़ी परेशानी तो यह हो रही है कि जिन अधिकारियों पर इन समस्याओं को दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। वहीं, अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से विमूख हो रहे हैं। आइये अब शहर की दोनों तस्वीरों पर रुख डालते हैं।
महीनों से पीने के पानी को तरस रहे हजारों लोग
पीने के पानी की अहमियत वही समझ सकता है। जिसे दो बूंद भी पानी की मयस्सर न हो रही हों, लेकिन यह पीने का पानी भी एक-दो दिन नहीं, बल्कि पूरे दो महीने से न मिल रहा हो तो सवाल उठना वाजिब हो जाता है। इस समय प्रचंड गर्मी के प्रकोप से चारों तरफ आग बरस रही है। तारापुरी से मिले हुए खुशहाल कालोनी व आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो महीने से अधिक समय से लोगों को पीने के पानी की दुश्वारी हो रही है। अंजुम पैलेस के पास स्थित ट्यूबवेल का बोर फेल हो जाने की वजह से इससे पिछले कई महीनों से इस ट्यूबवेल से पानी की टंकी नहीं भरी जा रही है।
इसके बाद इस टंकी को भरने के लिए विकासपुरी के गंगाजल के ओवरहैंड टैंक से पानी की आपूर्ति लेकर टंकी भरी जा रही थी, लेकिन इसके बाद विकास पुरी के ओवरहैंड टैंक में कुछ तकनीकी खामी आ जाने से अब यहां से भी तारापुरी की टंकी भरा जाना बंद हो गया है। क्षेत्रीय पार्षद नाजरीन शाहिद अपने पति व पूर्व पार्षद शाहिद अब्बासी के साथ इस समस्या को लेकर नगर निगम में नगर आयुक्त से दर्जनों बार मिलकर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन नगर आयुक्त ने अब तक इस क्षेत्र में ट्यूबवेल ठीक कराने के लिए किसी को भेजना गवारा नहीं किया है।
गलियों में छह माह से अधिक समय से बह रहा पानी
शहर के एक दूसरे इलाके में लोगों की जिंदगी पानी की वजह से ही जहन्नुम बन गई है। यह पानी साफ सुथरा नहीं, बल्कि नाले-नालियों का गंदगी और कीचड़ युक्त पानी है। यह मामला वार्ड-65 के अन्तर्गत आने वाले मौहल्ला बागरिया, बनबटान तथा मीट वाली गली में पेश आ रहा है। प्यारे लाल शर्मा महिला जिला चिकित्सालय के सामने गली में पूर्व पार्षद महमूद इकबाल कस्सार के घर के सामने से लेकर नूर इलाही कुरैशी की दुकान तक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय खैर नगर बनबटान व डा. सुब्रतो सेन वाली गली तक नाले व नालियां पिछले छह माह से चॉक हैं तथा गंदा पानी ओवर फ्लो होकर गलियों व सड़कों में भरा हुआ है।
नगर निगम के अधिकारी आचार संहिता का बहाना बनाकर सफाई व्यवस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं। पूर्व पार्षद महमूद इकबाल कस्सार ने बताया कि अहमद रोड पर इन दिनों नये कवर्ड नाले का निर्माण चल रहा है। जब इस नाले का निर्माण शुरू किया गया था, तब मोहल्ला बागरिया की गली में अंदर से आने वाले गंदे पानी की निकासी इस बड़े नाले में होती थी। इस संबंध में कई बार नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर समस्या का निदान कराने की गुहार की जा चुकी है कि खैर नगर मीट वाली के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय वाली गली व डा. सेन वाली गली मैं हो रहे गंदे पानी के जल भराव से मुक्ति दिलाई जाये।

