- ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय की लागत अधिक होने पर भी ठेकेदार घटिया सामग्री का कर रहा है इस्तेमाल
जनवाणी संवाददाता |
भूतपुरी: अफजलगढ विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरगढ में बन रहे सार्वजनिक शौचालय में ग्रामीणों ने ठेकेदार ने घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। ग्रामीण बिलंदराज सिंह, धर्मवीर सिंह, मुकेश कुमार, छत्रपाल सिंह व मुकेश कुमार आदि ने बताया कि इस शौचालय की लागत लगभग चार लाख रुपए से ऊपर होने के बावजूद भी शौचालय निर्माण में ठेकेदार घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है।
जिसके कारण शौचालय ज्यादा दिन नही टिक पायेगा। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय के गेट भी हल्की व पुरानी चादर के लगाये गये है। सीमेंट में रेत की अधिकता होने के कारण शौचालय जल्दी क्षतिग्रस्त होने की संभावना है। ग्रामीणों ने बताया कि यह शौचालय पहले शेरगढ के प्राथमिक विद्यालय मे बन रहा था, परन्तु शासनादेश के कारण सार्वजनिक शौचालय विद्यालय के परिसर से हटाकर इसी पंचायत के दूसरे गांव न्यादरी में बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शौचालय निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री नही लगाई गई तो इसकी शिकायत डीएम तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री से की जाएगी। उधर ग्राम विकास अधिकारी विजयपाल सिंह ने बताया कि न्यादरी में सार्वजनिक शौचालय के लिए 4 लाख 82 हजार रुपये स्वीत हुए है। यदि ठेकेदार ने शौचालय मे घटिया सामग्री का प्रयोग किया है तो उसकी जांच कराकर मानक के अनुरूप सामग्री लगवाई जाएगी ।

