जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: शासन के निर्देश पर जनपद के थानों में लॉकडाउन के चलते बन्द हुए थाना दिवस का आयोजन शनिवार को फिर से प्रारंभ हो गया। थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया गया।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय शनिवार को जन समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया जाता हैं। लेकिन कोरोना महामारी के चलते थाना दिवस का आयोजन बंद हो गया था।
शासन के निर्देश पर करीब 6 माह बाद एक बार फिर शनिवार को जनपद के थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन प्रारंभ हो गया। कैराना कोतवाली में एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जहां पर लंबित पड़ी शिकायतों का अधिकारियों द्वारा निस्तारण किया गया।
थाना समाधान दिवस में कोविड-19 की गाइडलाइन के मुताबिक सोशल डिस्टेंस अनुपालन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आने वाले फरियादियों को मास्क लगाने के भी निर्देश दिए गए। वहीं 6 माह बाद आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस में फरियादी बहुत कम नजर आये।
इसके अलावा शामली कोतवाली, कांधला, गढ़ीपुख्ता, बाबरी, थानाभवन, आदर्श मंडी, झिंझाना आदि थानों में भी लॉकडॉउन की गाइडलाइन का पालन करते हुए थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
बता दें, गत 7 मार्च को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। जिसके बाद कोरोना महामारी फैलने के बाद थाना समाधान दिवस पर शासन ने रोक लगा दी गई थी।

