- चार थानों की पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर पकड़ी तमंचा फैक्ट्री
- भारी मात्रा में पकड़े तमंचे आठ आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी ने टीम को दो लाख देने की घोषणा की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ व मेरठ पुलिस ने अलग-अलग चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर तमंचा फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस व एसटीएफ टीम ने इस दौरान भारी मात्रा में असलाह व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए है।
इसके साथ शस्त्र बनाने वाले आठ आरोपी भी गिरफ्तार किए हैं। एसएसपी ने एसटीएफ व पुलिस टीम को दो लाख रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। वहीं पुलिस ने पकड़े गए सभी अपराधियों को पूछताछ करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

थाना टीपीनगर
एसटीएफ व थाना टीपीनगर पुलिस ने संयुक्त आॅपरेशन चलाकर मलियाना स्थित मस्जिद वाली गली में छापेमारी कर तमंचा फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो देशी पिस्टल, 32 तमंचे 315 बोर, 9 तमंचे 12 बोर, दो देशी अधबनी पिस्टल, शस्त्र बनाने के उपकरण व एक खराद मशीन बरामद की है। इसके साथ संयुक्त टीम ने दो आरोपी तबरेज उर्फ तब्बू पुत्र वकार अहमद निवासी ईरा गार्डन थाना ब्रह्मपुरी व शफीक उर्फ शफीकुद्दीन उर्फ फौजी पुत्र मौहम्मद शौफिया निवासी होली चौक मलियाना थाना टीपीनगर को गिरफ्तार किया है।
थाना ब्रह्मपुरी
ब्रह्मपुरी पुलिस व एसटीएफ ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर शॉप्रिक्स मॉल के पास से एक तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी। जहां से पुलिस टीम ने भावेंद्र उर्फ गुल्लू पुत्र राजेंद्र चौधरी निवासी फतेहउल्लापुर व फारूक पुत्र सद्दीक निवासी शालीमार गार्डन थाना लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 16 तमंचे 315 बोर, 6 तमंचे 12 बोर, दो देशी पिस्टल अधबनी व 48 कारतूस बरामद किए है।
थाना किठौर
त्रिस्तरीय चुनाव के मद्देनजर किठौर पुलिस ने एसटीएफ टीम के साथ गांव राधना में छापेमारी कर तमंचा बेचने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से भारी मात्रा में असलाह बरामद हुआ है। पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता करते हुए एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी इसरार पुत्र इंसाफ अली निवासी गांव राधना अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। थाना पुलिस व एसटीएफ की टीम ने इसरार की ट्यूबवेल पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 29 तमंचे 315 बोर, 5 तमंचे 12 बोर, दो देशी बंदूक 12 बोर व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए है।
थाना लिसाड़ी गेट
उधर लिसाड़ी गेट पुलिस व एसटीएफ की टीम ने समर गार्डन चौराहे स्थित एक मकान में छापेमारी कर अली हसन पुत्र फखरूद्दीन निवासी हुमांयू नगर मदरसा के पास, आकिल पुत्र नन्हे निवासी आशियाना कॉलोनी हापुड़ रोड व अनस उर्फ चूहिया उर्फ दानिश पुत्र सलीम निवासी धोबी वाला मदरसा श्यामनगर थाना लिसाड़ी गेट को हथियार बनाते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। इनके पास से 22 तमंचे 315 बोर, 6 तमंचे 12 बोर, एक पोनिया देशी 315 बोर व एक पोनिया देशी 12 बोर बरामद की है।
टीपीनगर पुलिस : 15 बाइकें बरामद, दिल्ली से पार्किंग में खड़े वाहनों को चोरी कर मेरठ में करते हैं बिक्री
टीपी नगर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने 15 वाहन बरामद किए हैं। यही नहीं पकड़े गए इन वाहनों में से नौ वाहनों को पुलिस ने ट्रेस भी कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों वाहन चोरों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि टीपीनगर पुलिस ने अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए गए अभियान के दौरान अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य विजय उर्फ अजय पुत्र श्यामसिंह निवासी ए-ब्लॉक कमालपुर बुराड़ी दिल्ली, गोलू पुत्र श्यामलाल निवासी एनसीआर कॉलोनी थाना साहिबाबाद, हाल पता मंडोली थाना हर्ष विहार व समीर पुत्र जमीर अहमद निवासी अमराला थाना भोजपुर, हाल पता विजयनगर हरमुखपुरी मोदीनगर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए वाहन चोरों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने 15 वाहन बरामद किए। जिनमे से नौ वाहनों को टेÑस कर लिया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि इनमे से एक बाइक लूट में भी शामिल हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह वाहन चोर एनसीआर की पार्किंग से वाहन चोरी करने के बाद सोतीगंज के कबाड़ी को बेचते है। वाहन चोरों की निशानदेही पर चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ी का भी पता लगाया जा रहा है। पकड़े गए वाहन चोरों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये उपकरण हुए बरामद
थाना पुलिस व एसटीएम टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध हथियारों के साथ उपकरण भी बरामद किए है। पुलिस टीम ने इस दौरान एक इलेक्ट्रानिक ड्रिल मशीन मोटर के साथ, तीन लोहा पकड़ने वाले बॉक, चार लोहे की रेती, दो प्लास, चार पेंचकस, तीन लोहे के बर्मा, एक चूड़ी काटने वाला टप हैंडिल, एक लोहे की चूड़ी काटने वाली डाई, एक पिस्टल की बैरल का बोर नापने का गेज, एक पाईप रिंच, दो हथौड़ी, एक पिस्टल स्लाइड बनाने की मिलिंग मशीन, एक लोहे की इलेक्ट्रिक मशीन मोटर के साथ व दो मोटर एक हॉर्स पॉवर की बरामद हुई है।
भाजपा नेता एसपी सिटी से बोला तमंचा फैक्ट्री ऐसे ही चलेगी
भाजपा नेता ने तमंचा बनाने वालों को छोड़ने के लिए बनाया दबाव
एक भाजपा नेता ने टीपीनगर पुलिस द्वारा पकड़े गए तमंचा बनाने वाले आरोपियों को छोड़ने के लिए एसपी सिटी पर दबाव बनाया। यही नहीं भाजपा नेता ने एसपी सिटी को कडेÞ शब्दों में कहा कि मलियाना में तमंचा फैक्टरी ऐसे ही चलेगी। भाजपा नेता के बात करने के लहजे को देख एसपी सिटी ने इसकी जानकारी एसएसपी अजह साहनी को दी। जिसके बाद एसएसपी ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कराकर हवालात में बंद करा दिया। जिसके बाद भाजपा के कई बड़े नेताओं के फोन एसएसपी के पास पहुंचे और भाजपा नेता को छोड़ने की बात कही। हालांकि चार घंटे बाद भाजपा नेता को थाने से छोड़ा गया।
विदित है कि एसटीएफ टीम व टीपीनगर पुलिस ने शुक्रवार रात में मलियाना स्थित मस्जिद वाली गली स्थित एक मकान में छापेमारी कर तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी थी, जहां से पुलिस टीम ने तबरेज उर्फ तब्बू पुत्र वकार अहमद निवासी ईरा गार्डन थाना ब्रह्मपुरी व शफीक उर्फ शफीकु द्दीन उर्फ फौजी पुत्र मौहम्मद शौफिया निवासी होली चौक मलियाना को गिरफ्तार किया था। लेकिन पकड़े गए दोनों आरोपियों को छुड़ाने के लिए भाजपा के महानगर मंत्री पिंटू जाटव ने एसपी सिटी विनीत भटनागर को फोन किया और उक्त दोनों आरोपियों को छोड़ने के लिए कहा, लेकिन एसपी सिटी ने आरोपियों को छोड़ने से मना किया तो भाजपा नेता ने गलत लहजे में बात करते हुए कहा कि मलियाना में तमंचा फैक्टरी इसी तरह ही चलेगी और इन दोनों को भी छोड़ना पड़ेगा। जिस पर एसपी सिटी ने भाजपा नेता द्वारा कही गई सारी बाते एसएसपी अजय साहनी को बताई तो उन्होंने तत्काल भाजपा नेता को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम भाजपा नेता के घर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया। भाजपा नेता के पकड़ने जाने के बाद शहर के बड़े नेताओं ने एसएसपी अजय साहनी से पिंटू जाटव को छोड़ने की बात कही। जिसके बाद भाजपा महानगर मंत्री पिंटू जाटव को बिना किसी कार्रवाई के ही थाने से छोड़ दिया गया।

