जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों की नाक में नकेल डालने और अनैतिक कार्य करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की हिदायत दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस ही उनके अभियान को पलीता लगाने का काम कर रही है। सुभारती चौकी क्षेत्र इस वक्त अनैतिक कार्यों की मंडी बन चुका है। इस क्षेत्र में तीन दर्जन से भी ज्यादा ओयो होटल खुले हैं। इनमें अधिकांश घरों के भीतर ही चल रहे हैं। सुभारती चौकी के इंचार्ज ने इन होटलों में जिस्मफरोसी का लाइसेंस दे रखा है। महीना वसूला जाता है और अनैतिक कार्य का सर्टिफिकेट दे दिया जाता है। इसलिए ऐसे होटलों पर कभी छापेमारी नहीं की जाती या ऐसा कुछ होने वाला होता है तो पहले ही होटल संचालकों को चौकी पुलिस की तरफ से अलर्ट कर दिया जाता है।
पुलिस अफसर भी नहीं लेते संज्ञान
अफसोस की बात ये है कि सुभारती चौकी क्षेत्र में आये दिन फायरिंग और अन्य घटनाएं होती रही हैं। होटलों में अनैतिक कार्य हो रहे हैं। इन मामलों को लेकर लगातार शिकायतें होती रही हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी कोई संज्ञान नहीं लेते। ऐसे में जहां अराजक तत्वों के हौंसले बुलंद हैं, वहीं सुभारती चौकी पुलिस भी मनमानी पर पूरी तरह से उतारु है।

