जनवाणी ब्यूरो |
शामली: प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें विभाग के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा द्वारा नवीन विकास भवन मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया।
सोमवार को देर शाम कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बड़े निर्माण संबंधी कार्य के संबंध में जानकारी करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गन्ना मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर नव निर्माण जिला चिकित्सालय में पर्याप्त संसाधनों को लेकर चर्चा करते हुए मेंटिनेस, रंग रोगन, नहर पटरी के आसपास सफाई, टाइल्स आदि का कार्य एवं जहां पर भी कोई कमी है उसको जल्दी से पूरा कर लिए जाने के निर्देश दिये। जाए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का कार्यक्रम लग सकता है। इसलिए समस्त अधिकारी अपनी पूरी तैयारी के साथ रहे।इसके अलावा गन्ना मंत्री ने सीएमओ से अन्य नये निर्माण कार्य को लेकर भी चर्चा की।
बैठक में मंत्री ने उप जिला अधिकारियों से विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की जिस पर उपजिलाधिकारी शामली एवं ऊन द्वारा मंत्री को अवगत कराया कि अवैध कब्जा, पानी निकासी आदि शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया है।
इसके अलावा मंत्री ने लीड बैंक मैनेजर को स्ट्रीट वेंडर योजना में पत्रावलियों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में गन्ना मंत्री ने सड़कों के गड्ढे भराई, विद्युत संबंधी, ऊन में डिग्री कॉलेज की स्थापना हेतु भूमि, कोविड के प्रति आम जनमानस को जागरूक, खेल के मैदान, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, प्रशासन की बिना अनुमति के जनपद में कहीं भी कॉलोनी का निर्माण ना हो, आदि को लेकर जानकारी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि आने वाले समय में जनपद शामली देश का सबसे कुशल जिला होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर जिला अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय भटनागर, समस्त उपजिलाधिकारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, लीड बैंक मैनेजर के अलावा विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

