जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सोमवार को जनपद में मौसम सामान्य बना रहा और दिन में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस की गई। मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर अहमद ने बताया कि सोमवार को सहारनपुर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। बीते दिनों की तुलना में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। उनके अनुसार दिनभर मौसम शुष्क बना रहा और किसी भी प्रकार की बारिश दर्ज नहीं की गई।
हवा दक्षिण–दक्षिण पश्चिम दिशा से करीब तीन मील प्रति घंटे की रफ्तार से चली, आर्द्रता का स्तर 54 प्रतिशत रहा और दृश्यता 16 किलोमीटर तक दर्ज की गई, जिससे दिन में मौसम साफ रहा। अमीर अहमद ने बताया कि फिलहाल प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में है, ऐसे में सांस से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए। आगे के मौसम को लेकर उन्होंने बताया कि मंगलवार से दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की उम्मीद है। इससे जनपद में लंबे समय से जारी ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ता दिखाई देगा। कुल मिलाकर सोमवार को सहारनपुर में मौसम शांत और सामान्य रहा तथा आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी के चलते लोगों को ठंड से और राहत मिलने के आसार हैं।

