- गंदगी मिलने, कार्यालय में रखरखाव न होने, दो कर्मचारियों के गायब मिलने पर लगायी फटकार
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: चीनी मिल स्थित डीसीओ कार्यालय का डीएम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया तो उनको वहां खामियां ही खामियां मिली। कार्यालय में गंदगी देखकर वह भडक गए और उन्होंने फटकार लगाते हुए इसमें सुधार करने व कार्यालय में रखरखाव करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं दो कर्मचारी गायब मिलने पर जवाब तलब किया और निर्देश दिए कि यदि कोई कर्मचारी जाता है तो उसकी रजिस्ट्रर में एंट्री की जाए कि वहां कहां गया है।
डीएम राजकमल यादव ने शुक्रवार को बागपत शुगर मिल में स्थापित जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में दो कर्मचारी सीट पर ना पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने डीसीओ को निर्देश दिए कि जो भी फील्ड अधिकारी/कर्मचारी फील्ड के लिए जाएगा तो वह रजिस्टर में अवश्य लिख कर जाए। उन्होंने कहा फील्ड रजिस्टर कार्यालय में मेंटेन किया जाए।
डीएम को कार्यालय परिसर में साफ-सफाई ना मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कार्यालय में गंदगी नहीं होनी चाहिए गंदगी से नकारात्मक ऊर्जा आती है। कार्यालय का रखरखाव अच्छा होना चाहिए कार्यालय परिसर में गंदगी ना हो इसमें सुधार किया जाए।
जितनी अच्छी स्वच्छता होगी कार्य करने में उतना ही अच्छा मन लगेगा। निर्देश दिए कि किसानों की जो भी समस्या है उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। किसान को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर ना लगाने पड़े। किसान की जो भी समस्या है उसका गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए।

