जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 8 मार्च को भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप 2026 अपने नाम किया। फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम किया। खास बात यह रही कि भारत ने यह ट्रॉफी अपने ही देश में जीतकर रिकॉर्ड बनाया।
दुनिया भर से बधाईयों का सिलसिला
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद दुनियाभर से बधाइयों का तांता लग गया। पड़ोसी देश पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी। कुछ ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की, जबकि कुछ ने अपने अंदाज में हल्का तंज भी कसा।
शाहिद अफरीदी की प्रतिक्रिया
पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भारतीय टीम को जीत की बधाई दी और कहा कि टीम इंडिया इस समय बेहद मजबूत नजर आ रही है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और भारत की क्रिकेट व्यवस्था को भी मजबूत बताया।
सकलैन मुश्ताक और अहमद शहजाद की राय
पाकिस्तान के दिग्गज स्पिनर सकलैन मुश्ताक ने भी भारत की जीत की प्रशंसा की। वहीं, बल्लेबाज अहमद शहजाद ने खास तौर पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तारीफ की और कहा कि भारत की सफलता से पाकिस्तान को सीख लेने की जरूरत है।
मोहम्मद आमिर का अलग अंदाज
पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने जीत पर बधाई दी, लेकिन उनका अंदाज अपेक्षाकृत संयमित रहा। उन्होंने कहा, “वेल डन इंडिया, ट्रॉफी अपने घर ले जा रही है।” आमिर ने यह भी जोड़ा कि भारत के टॉप तीन बल्लेबाजों ने जिस तरह खेला, उससे मैच न्यूजीलैंड के हाथों से निकल गया। हालांकि उनके भाव को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने तंज के रूप में भी देखा।
शोएब अख्तर और मोहम्मद हफीज की तारीफ
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय क्रिकेट व्यवस्था की खुलकर सराहना की और इसे टीम की लगातार बड़ी जीत का मुख्य कारण बताया। वहीं, ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने टीम इंडिया को लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी और खिलाड़ियों की निरंतरता तथा टीम के संतुलन की भी प्रशंसा की।

