जनवाणी संवाददाता |
नूरपुर: रविवार को बरेली में सम्पन्न हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महासम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल एवं प्रदेश महामंत्री मुकुल अग्रवाल द्वारा तसलीम अहमद इदरीशी को फिर से युवा प्रदेश प्रभारी बनाने की घोषणा से व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड गई। महासम्मेलन के समापन के पश्चात नूरपुर पहुंचने पर युवा प्रदेश प्रभारी तसलीम अहमद इदरीशी का शहीद तिराहा पर बडी संख्या में उपस्थित व्यापारियों व शुभचिंतकों ने ढोल बाजे व आतिशबाजी के साथ उनका माला पहनाकर स्वागत करते हुए बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश संगठन पदाधिकारियों का फिर से उन्हें इतनी जिम्मेदारी देकर विश्वास जताने का आभार प्रकट करते हुए कहा कि संगठन व्यापारी हितो की लडाई लडते हुए आगे बढ रहा है।

