- माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष ने सुनी शिक्षकों की समस्याएं
जनवाणी संवाददाता |
शामली: माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डा. उमेश चंद त्यागी ने जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्याओं को सुना। साथ ही समस्याओं के समधान का आश्वासन दिया। मंगलवार को प्रांतीय उपाध्यक्ष डा. उमेश चंद त्यागी, सहारनपुर मंडल अध्यक्ष कैप्टन लोकेंद्र सिंह, शामली जिलाध्यक्ष कैप्टन रजनीश कुमार, डॉक्टर राजेश मोहन शर्मा, मेरठ मंडल उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने शहर के वीवी इंटर कॉलेज, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज, राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज, देशभक्त इंटर कॉलेज तथा ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में जाकर शिक्षक शिक्षिकाओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने उनकी समस्याओं को अति शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डा. उमेश चंद त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में हमारे बुजुर्गों ने लंबे संघर्षों के बाद जो उपलब्धियां हासिल की थी वह धीरे-धीरे छिन रही है। जिसके लिए प्रत्येक शिक्षक को जागरुक होने की आवश्यकता है। उसके लिए संगठन से जुड़कर संघर्ष करने के लिए तैयार होना पड़ेगा तभी हम अपने भविष्य को सुरक्षित रख सकते हैं अन्यथा आने वाले समय में हमारे पास पछताने के सिवा और कोई विकल्प नहीं रहेगा।
इसी क्रम में कैप्टन लोकेंद्र सिंह एवं कैप्टन रजनीश कुमार ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़कर संघर्ष की राह पर चलने का आह्वान किया और कहा कि संगठित संघर्ष से ही ऊंची उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है। अगर हम संगठन एवं संघर्ष से विरत हुए तो हम अपने हितों को सुरक्षित नहीं रख सकते।

