-
सूचना के दो घंटे बाद भी बिजली कर्मचारी नहीं आए, हंगामा
-
परिवार का इकलौता चिराग था वंश, परिजनों पर टूटा गमों का पहाड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोतवाली थानांतर्गत पंजाब नेशनल बैंक की छत पर पतंग उड़ा रहे 16 वर्षीय वंश रस्तोगी की हाइटेंशन लाइन के करंट लगने से मौत हो गई। पतंग उड़ाते वक्त अचानक मांझा हाइटेंशन लाइन में फंस गया। मांझे में लाइन से करंट उतर आया और किशोर को चपेट में ले लिया।
मौके पर ही किशोर की मौत हो गई। सूचना देने के दो घंटे बाद भी पावर कारपोरेशन के स्टाफ के मौके पर न पहुंचने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। मौके पर भाजपा नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट से बात की। बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया, क्योंकि वंश घर में इकलौता कमाने वाला था।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पेड़ामल मोहल्ले में रहने वाला वंश रस्तोगी पुत्र सोनू रस्तोगी मंगलवार शाम को घर के पास पंजाब नेशनल बैंक की छत पर खड़े होकर पतंग उड़ा रहा था। उसके साथ उसका दोस्त कार्तिक भी था। बताया जा रहा है कि वंश चाइनीज मांझे से पतंग उड़ा रहा था। तभी मांझा बैंक की छत के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन में फंस गया। मांझा फंसते ही हाइटेंशन लाइन टूटकर गिर गई।
इससे मांझे में करंट उतर आया। करंट ने वंश को चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फाल्ट होने से कोतवाली क्षेत्र में पावर कट हो गया। आसपास के लोगों ने फौरन लाठी-डंडे लाकर तार पर पीटे और किशोर को तार से छुड़ाया। फौरन उसे इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोर घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट राहुल विश्वकर्मा, सीओ कोतवाली अमित राय, भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा पहुंचे। लोगों ने बताया कि काफी देर हो गई, लेकिन अभी तक बिजली विभाग के अफसर, कर्मचारी नहीं आए हैं।
कमलदत्त शर्मा ने डीएम को घटना की जानकारी दी। दो घंटे बाद बिजली विभाग के एसडीओ पहुंचे। इससे लोगों में विभाग के प्रति काफी नाराजगी रही। सिटी मजिस्ट्रेट राहुल विश्वकर्मा का कहना है कि बिजली का करंट लगने से किशोर की मृत्यु हुई है। पूरी घटना की जांच करके किस स्तर पर लापरवाही हुई है। इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासकीय योजना के तहत जो मदद होगी वो करेंगे। लोगों की शिकायत है कि बिजली विभाग के लोग नहीं पहुंचे, इसकी रिपोर्ट भी भेजेंगे।
जानीकलां में करंट से चार झुलसे
जानी खुर्द: मंगलवार की देर शाम जानी कला गांव में दुकान के ऊपर टीन शेड लगवा रहे चार व्यक्ति हाइटेंशन का करंट लगने से झुलस गये। जानीकलां निवासी शाहिद ने गांव के ही आरिफ पुत्र महबूब को नाई की दुकान के लिए अपना मकान किराए पर दिया था। किरायदार आरिश पुत्र महबूब ने मंगलवार की देर शाम दुकान के बाहर पानी से बचने के लिए टीन शेड व बोर्ड लगवाने का काम शुरू कराया।
मिस्त्री जैसे ही बोर्ड आदि की वेल्डिंग करा रहा था कि दुकान के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन का करंट उतर गया। टीन शेड मे करंट उतरने से रफीक पुत्र मोहम्मद अली बुरी तरह झुलस गया। रफीक को बचाने के चक्कर में आरिश पुत्र महबूब, फय्याज पुत्र साबू व अयान पुत्र चांद मिया झुलस गये। घायलों को जानी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पाकर सीओ सरधना व जानी पुलिस मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटा रही है।
मारपीट में दंपति घायल, मौत
खरखौदा: कस्बा स्थित खरजाल कालोनी में हिस्से की जमीन के बटवारे को लेकर हुई मारपीट में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां उपचार के दौरान महिला के पति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों ने पिता, भाई सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी। रठौल खेकड़ा बागपत निवासी चंद्रपाल ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसने बेटी ज्योति की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व कस्बे की खरजाल कालोनी निवासी सनी (35) पुत्र पूरण सैनी के साथ की थी।
सनी का संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिता व भाई से विवाद चल रहा है। जिसमें दोनों पक्षों में कई बार पहले मारपीट हो चुकी है। रिश्तेदार व समाज के गणमान्य लोगों द्वारा विवाद को खत्म कराने का प्रयास किया गया, परंतु दोनों पक्षों में सहमति न बनने के कारण विवाद होता चला आ रहा है। जिसके चलते रविवार फिर दोनों पक्षों में विवाद हो गया जिसमें सनी के माता-पिता भाई सुमित व उसकी पत्नी ने लाठी-डंडों से हमला कर सनी व उसकी पत्नी ज्योति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ज्योति ने सनी को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार तड़के सनी की मौत हो गई। ज्योति ने घटना की सूचना मायके वालों को दी।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे की सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। वहीं, मृतक के ससुर चंद्रपाल ने खरखौदा थाने पर सनी के माता-पिता भाई व उसकी पत्नी के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। थाना प्रभारी राजीव सहरावत का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रुकनपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 11 गंभीर घायल
मेरठ: भावनपुर थाना के गांव रूकनपुर निवासी अखलाक और महमूद पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट लाठी, डंडे व पथराव हो गया। जिस पर दोनो पक्षो की ओर से दो युवतियों सहित ग्यारह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनो पक्षो के घायलो को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां से चिकित्सको ने पांच लोगो का गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
गांव रूकनपुर निवासी ग्राम प्रधान अखलाक ने बताया कि सपा सरकार में गांव के तांगा चालक सतवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद मृतक की मां सेवावती प्रधान के घर पर ही खाना पीना करती है। वही सेवावती की ओर से केस की पैरवी कर रहे है। जिसको लेकर आरोपी पक्ष के लोग प्रधान पक्ष के परिवार पर फैसले का दबाव बना रहे है। जिसके चलते मंगलवार को आरोपी पक्ष की ओर से आसिफ, शहजाद, रिजवान, इमरान, महमूद, सदाम, सादाब ने लाठी डंडो के साथ प्रधान पक्ष पर हमला बोल दिया।
प्रधान पक्ष की ओर से मारपीट के दौरान मोईन, इकराम, मुस्कान, नाजमा, शाहरूख, व दूसरे पक्ष की ओर से महमूद, शहजाद, रिजवान, इमरान, सादाब, सदाम गंभीर रूप से घायल हो गए। वही प्राथर्मिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सको ने गंभीर हालत में मोईन, शाहरूख, आसिफ, सादाब, सदाम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मे भर्ती कराया। वही इस संबंध मे भावनपुर इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि दोनो पक्षो ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिसकी जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ आफिस के बाहर दलाल, गाड़ी मालिक में मारपीट



