- विवि के उर्दू विभाग व स्वांगशाला ने प्रस्तुत किया महाभारत पर आधारित नाटक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देवी, बंधु अश्वत्थामा ने ठीक ही कहा है कि युद्ध से सत्य नहीं पैदा होता है, सत्य साधना की कोख से जन्म लेता है। यह कथन युधिष्ठर ने द्रोपदी से कहा। अवसर था चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग एवं स्वांगशाला एक्टिंग अकादमी के संयुक्त आयोजन में मंचित नाटक अर्धसत्य का। इस अवसर पर मेरठ के सफाई योद्धाओं को भी मंच पर प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित अप्लाइड सांइस आॅडिटोरियम में उर्दू विभाग एवं स्वांगशाला एक्टिंग अकादमी द्वारा संयुक्त रूप से नाटक अर्धसत्य का मंचन एवं मेरठ के सफाई योद्धाओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रति कुलपति चौ चरण सिंह विश्वविद्यालय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ल उपस्थित रहीं,

जबकि अतिविशिष्ट अतिथि कुलसचिव, धीरेन्द्र कुमार वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, हाजी इमरान सिद्दिकी, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश मेराजुद्दीन अहमद, राष्ट्रीय महामंत्री अखिल भारतीय सफाई मजूदर कांग्रेस विनोद कुमार बेचैन उपस्थित रहे। स्वांगशाला एक्टिंग अकादमी द्वारा मंचित नाटक अर्धसत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक का कथन महाभारत की पृष्ठभूमि से था
जिसमें महाभारत के बाद युधिष्ठिर की मनोस्थिति को बखूबी दिखाया गया है। नाटक में अश्वत्थामा के संवादों ने दर्शकों को तालियां बजाने को मजबूर कर दिया। श्रीकृष्ण का सौम्य अभिनय और द्रोपदी एवं युधिष्ठिर की प्रभावी अदाकारी ने नाटक को ऊँचाई दी। नाटक का आरंभ एक प्रोजेक्टर पर स्लाइड दिखा कर किया गया जो मंचीय नाटकों में एक अभिनव प्रयोग को दिखाता है।
श्याम मोहन अस्थाना द्वारा लिखित नाटक अर्ध सत्य का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी भारत भूषण शर्मा ने किया। संगीत अनिल शर्मा का एवं प्रकाश व्यवस्था जितेन्द्र सी राज की थी। नाटक में अभिनय करने वालों में अश्वत्थामा के रूप में स्वयं रंगकर्मी भारत भूषण शर्मा, युधीष्ठिर के रूप में हेमंत गोयल, द्रोपदी रूपाली गुप्ता, कृष्ण राशिद युसुफ, आर्य संजय योगेश समदर्शी, परिचारिका के रूप में सिमरन अवस्थी – एवं अलीशा, प्रहरी के रूप में उज्जवल सिंह एवं हिमांशु गोयल, चमगादड़ शैन विलियम, युयुत्सु- गौरव चौधरी एवं भीम को भूमिका में दिव्यांशु शर्मा थे।
नाटक में पार्श्वगायन अभिषेक शर्मा का था। कार्यक्रम के आयोजक प्रो. असलम जमशेदपुरी, अध्यक्ष उर्दू विभाग एवं डॉ सुधा शर्मा चेयरपर्सन स्वांगशाला एक्टिंग अकादमी थे। कार्यक्रम में विशेष रूप से सफाई योद्धाओं का सम्मान प्रतीक चिह्न दे कर किया गया। सम्मानित होने वालों में महात्मा ज्योतिबा फुले सम्मान 2022 द्वारा विनोद कुमार बेचैन राष्ट्रीय महामंत्री अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस को सम्मानित किया गया।
सफाई योद्धा सम्मान से सम्मानित होने वाले योद्धाओं में जितेन्द्र सूद, विनीत कुमार, अरविंद प्रजापति, सुपरवाइजर नगर निगम मेरठ, सुरेन्द्र कुमार ढिंगिया,सूरज सिंह टांक, दिनेश सूद, भारत सिंह आजाद, एवं राजू पेंटर (विरला)शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन स्वाति शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर असलम जमशेद पुरी ने प्रेमचंद जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपने विचार रखे। स्वांगशाला की चेयरपर्सन डा. सुधा शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

