जनवाणी संवाददाता |
रुड़की: नेशनल कन्या इण्टर कालेज, खानपुर के प्रधानाचार्य डॉ0 घनश्याम गुप्ता के जीवन संघर्ष को लेकर रचित पुस्तक ’’ संघर्ष पथ ‘‘ का विमोचन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ0 योगेन्द्र नाथ शर्मा’ अरूण, सुरेन्द्र सैनी, श्रीगोपाल ’नारसन‘ तथा राज्यसभा सांसद डॉ0 कल्पना सैनी ने किया।
राज्यसभा सांसद डॉ0 कल्पना सैनी ने कहा कि ’’संघर्ष पथ ‘‘ आने वाली पीढ़ियों के लिये प्रेरणा स्रोत का काम करेगी। उन्होंने पुस्तक के लेखक साहित्यकार एवम् पूर्व प्रधान संजय सैनी तेलपुरा को बधाई देते हुये कहा कि उन्होंने संघर्ष की मिशाल कायम करने वाले बहु आयामी व्यक्तित्व को पुस्तक में समाहित कर सच्ची समाजसेवा की है।
वरिष्ठ साहित्यकार एवम् शिक्षाविद् डा0 योगेन्द्र नाथ शर्मा ’अरूण ‘ ने कहा कि संघर्ष का ही दूसरा नाम घनश्याम गुप्ता है जिन्होंने अपने बलबूते फर्श से अर्श तक पहुँचकर अपनी संघर्ष गाथा रची है। वरिष्ठ साहित्यकार सुरेन्द्र सैनी ने कहा कि डॉ0 घनश्याम गुप्ता के संघर्ष का ही परिणाम है कि उन्होंने खादर क्षेत्र खानपुर में एक इण्टर कालेज की स्थापना कर वहाँ के लोगों का शैक्षिक विकास किया है।
वरिष्ठ साहित्यकार लेखक एवम् पत्रकार श्रीगोपाल ’ नारसन ‘ ने कहा कि डॉ0 घनश्याम गुप्ता ने ढाबे में बर्तन मांजकर, बस की छत पर रात व्यतीतकर तथा स्ट्रीट लाइट में पढ़कर यह मुकाम हाँसिल किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित उक्रांद नेता राजकुमार सैनी, बलराम गुप्ता, मनोज सैनी, रविन्द्र कुमार, रजत सैनी, अशोक शर्मा आर्य, नीरज गोयल, अभिषेक, जावेद, मंजू, सविता, सुनीता, आशीष, संजय सैनी ने अतिथियों के साथ मिलकर ’ संघर्ष पथ ‘ का विमोचन किया।

