- सड़कों पर गंदा पानी भरने छात्रों को परेशानी
जनवाणी संवाददाा |
हसनपुर लुहारी: ग्राम पंचायत की अनदेखी के चलते नाले-नालियां गंदगी से अटे पड़े हैं। आलम यह है कि यहां से छात्रो को पैदल निकलने परेशानी हो रही है। गंदगी के कारण मच्छरों की भी समस्या बनी हुई है जिसको लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में ग्राम पंचायत से लेकर ग्राम सचिव तक की अनदेखी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हसनपुर लुहारी बस स्टैंड गांव का मुख्य चौक माना जाता है।
यहा से हर रोज सैकड़ों छात्र स्कूल कालेज जाते आते हैं। सड़क पर गंदा पानी भरा रहने के बड़ी परेशानी बनी हुई है। गांव की नाले-नालियों की जब पड़ताल की तो हकीकत सामने दिखाई दी। इस बाबत आम लोगों ने भी इस गंभीर समस्या को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। पड़ताल के दौरान अहम बात यह है कि हसनपुर लुहारी बस स्टैंड व बाईपास पर नाला बुरी तरह से गंदगी से अटा पड़ा था। गंदा पानी व गंदगी सड़क पर फैल रही थी।
जबकि गांव की गली मोहल्लों की स्थिति और भी ज्यादा परेशानी दायक दिखाई दी। यहां पर जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी सड़क पर भर गया। लबालब पानी भर जाने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड निवासी अमित, दीपक, राजकुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत की अनदेखी से गांव के नाले बंद पड़े हुए हैं। गंदगी के कारण लोगों को सड़क से निकलना भी दुर्भर हो रहा है। इससे मच्छरों की तादाद बढ़ जाने से बीमारियां फैलने की भी आशंका बनी हुई है। यह अनदेखी आम लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रही है।

