मेरठ: विदेशी हॉरर फिल्मों की तर्ज पर बॉलीवुड की अमूमन डरावनी फिल्मों का नाम आते ही लोगों के दिमाग में रामसे ब्रदर्स की फिल्में आ जाती हैं। ऐसी फिल्में डर के नाम पर अश्लीलता से भरी रहती थीं लेकिन, अब फिल्म निर्देशकों की सोच बदल गई है और दर्शकों की रुचि भी।
इसी को देखते हुए 21 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में जगमीत सुन्दरी की लव, हॉरर और थ्रिल से भरी फिल्म वश रिलीज होने जा रही है। फिल्म डायरेक्टर का दावा है कि एक प्यारी सी लव स्टोरी को हॉरर से बेहतरीन ढंग से जोड़कर पेश किया गया है। इस फिल्म के गीत मेरठी अजय गर्ग ने लिखे हैं।
इस फिल्म के टीजर गीत जानशीन तेरी होठों की नमी काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म के निर्माता साहिल और गंगा ममगाई की इस फिल्म वश की शूटिंग हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों, पहाड़ों, मनाली और धर्मशाला आदि जगहों पर हुई है।
इस फिल्म के हीरो विवेक जेटली और हीरोइन गंगा ममगाई के बीच की बेहतरीन कैमिस्ट्री ने इस फिल्म में जान डाल दी है। फिल्म के डायरेक्टर जगमीत सुन्दरी ने बताया कि इस फिल्म की कहानी प्रभावशाली और दर्शकों को जोड़कर रखने वाली है।
एक युगल की शादी हो जाती है तभी इनके बीच में एक तीसरी शक्ति का प्रवेश होता है। यह शक्ति शादी के बाद हीरोइन को ले जाना चाहती है। इस पर ही फिल्म टिकी हुई हैं। डायरेक्टर ने बताया कि इंटरवल के समय फिल्म ऐसे मोड़ पर होती है कि दर्शक अपनी निगाहें स्क्रीन से हटा नहीं सकता है।
फिल्म में टीवी कलाकार रितुराज सिंह, प्रीति कोचर, कावेरी प्रियम और विशाल सुदर्शन आदि भी हैं। इस फिल्म में संगीत मुख्तार सहोता ने दिया है जबकि गीतकार अजय गर्ग हैं।
फिल्म डायरेक्टर ने बताया कि अजय गर्ग के खूबसूरत गीतों को हॉरर फिल्म में शामिल करना चुनौती थी लेकिन, फिल्म की कहानी पर चारों गीत फिट बैठते हैं।
इन गीतों को मोहम्मद इरफान, शाल्मली खोलगड़े, पलक मुछाल, यासिर देसाई और पावनी पांडेय ने आवाज दी है। फिल्म का एक गीत बुधवार को रिलीज होगा।