- पुलिस पर आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई न करने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: दहेज हत्यारोपियों के विरूद्ध घटना के करीब दो सप्ताह बाद भी कोई कार्रवाई न होने से पीड़ित पक्ष के लोगों में रोष व्याप्त है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है और उनके विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोप है आरोपी विवाहिता के मायके वालों पर फैसले के लिए दबाव बना रहे हैं।
इस संबंध में बुधवार को मृतका पक्ष के लोगों ने एसपी को एक प्रार्थना पत्र देते हुए आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है। एसपी ने पीड़ितों को सात केअंदर आरोपियों के विरूद्ध एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई हो कराने का आश्वासन दिया है।
जनपद शामली के गांव हिरनवाड़ा निवासी एक युवती की शादी करीब पांच माह पूर्व कस्बा बड़ौत के कमला नगर में अमित के साथ हुई थी। आरोप है शादी में मिले दहेज को लेकर ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आए दिन विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी। मायके वालों ने कई बार उन्हें समझाने का भी प्रयास किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
विवाहिता ने गत 4 अक्टूबर को अपने पति समेत पांच लोगों के विरूद्ध कोतवाली बड़ौत में जानलेवा हमला व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता ने अपने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया था। विवाहिता की गंभीर हालत को देखते हुए मायके वाले उसे अपने साथ ले गए थे और उपचार के लिए उसे शामली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था।
गंभीर हालत में वहां से विवाहिता को गत 6 अकटूबर को सुभारती के लिए रेफर कर दिया गया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में विवाहिता की मृत्यु हो गई थी। बड़ौत पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद मुकदमे में धारा 304 बी और शामिल कर ली थी।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि घटना के करीब दो सप्ताह बाद भी पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है और वह खुले घूम रहे हैं। आरोप है कि आरोपी पीड़ितों पर फैसले के लिए भी दबाव बना रहे हैं। पीड़ितो ने बुधवार को इस संबंध में एसपी को एक प्रार्थना पत्र देते हुए आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।

