पुलिस की गोली लगने से कार का टायर फटा, बदमाश हुए फरार
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: नगर कोतवाली इलाके के रोहाना में शनिवार को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने क्राइम ब्रांच को खूब छकाया। पुलिस ने स्कॉर्पियो में टक्कर भी मारी और फिर फायर भी झौंका, लेकिन बदमाश देखते ही देखते पुलिस के सामने से गोली की रफ्तार से पैदल ही भाग गए और पुलिस हाथ मलती रह गई।
हालांकि पुलिस के हाथ लगी सफेद रंग की स्कॉर्पियो बदमाशों की बदमाशी के लिए ताबूत की आखिरी कील साबित हो सकती है। पुलिस अब इसी कार के जरिए बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुट गई है। शनिवार को दिन के लगभग एक बजे का वक्त रहा होगा।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर स्थित नगर कोतवाली इलाके के रोहाना से सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो बड़ी तेज रफ्तार के साथ गुजरी। उसी के पीछे मुजफ्फरनगर क्राइम ब्रांच भी दौड़ रही थी। अचानक “धायं” की आवाज सुनकर लोग सहम गए। पता लगा कि पुलिस ने स्कॉर्पियो कार से भाग रहे बदमाशों पर फायर झौंका है।
लेकिन बदमाश उसके बाद भी नहीं रूके और फिर बदमाशों ने हाईवे से गांव की तरफ जा रहे एक रास्ते की तरफ कार को मोड़ दिया। कुछ दूर जंगल की तरफ जाने के बाद कार से दो बदमाश उतरें और खेतों में घुस गए। क्राइम ब्रांच की टीम भी पीछे-पीछे वहीं पहुंच गई। स्कॉर्पियो का टायर फटा हुआ था।
माना जा रहा है कि पुलिस की गोली लगने से ही कार का टायर फटा, लेकिन दोनों बदमाश खेतों के रास्ते से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घेराबंदी कर घंटों कॉम्बिंग की, लेकिन वो हाथ नहीं आ सके। फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो कार को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
फायर से पहले पुलिस ने मारी थी टक्कर
पुलिस ने फायर करने से पहले स्कॉर्पियो में अपनी गाड़ी से टक्कर भी मारी थी, ताकि स्कॉर्पियो में सवार लोग उसे रोक दें, लेकिन वो नहीं माने। रूकने के बजाए बदमाशों ने स्कॉर्पियो की स्पीड को और भी बढ़ा दिया। मजबूरन पुलिस को फायर झौंकना पड़ा।
मुजफ्फरनगर एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत का कहना है कि चैकिंग के दौरान सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो इशारा करने के बाद भी नहीं रूकी। उसका पीछा कर पुलिस ने रूकवाने के लिए हर संभंव प्रयास किया।
जब वो लोग नहीं माने तो कार के पहिए को निशाना बनाते हुए गोली दागी गई। कुछ दूर जाकर बदमाश अपनी कार को छोड़कर भाग गए। जांच की जा रही है कि कार किसकी है।