- पुलिस चौकी के निकट पेड़ के तने से बंधा मिला शव
- जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम, पोस्टमार्टम को भेजा शव
- घटना के विरोध में पुलिस चौकी के सामने लगाया जाम
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सरधना के मुल्हैड़ा गांव से तीन दिन पूर्व गायब हुए युवक का शव गुरुवार को पुलिस चोकी के निकट पेड़ के तने से बंधा हुआ मिला। माना जा रहा है कि युवक की हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चौकी के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत किया। जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

कोतवाली क्षेत्र के मुल्हैड़ा गांव निवासी सुल्तान पुत्र बिल्लू तीन दिन पूर्व पिता की डांट के बाद घर से चला गया था। तभी से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों ने कोतवाली में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तभी से परिजन व पुलिस युवक की तलाश में लगी हुई थी। गुरुवार को कुछ ग्रामीणों ने मुल्हैड़ा पुलिस चौकी के निकट जंगल में युवक का शव देखा। सुल्तान का शव एक कटे हुए पेड़ के तने से बंधा हुआ था।
माना जा रहा है कि युवक की हत्या की गई है। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर मौके की जांच पड़ताल कराई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चौकी के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझा कर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में सीओ आरपी शाही का कहना है कि मामले की जांच की जार ही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक पर था कर्ज
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार पता चला कि युवक पर कई लोगों के रुपये उधार थे। पैसे नहीं मिलने पर उन्होंने सुल्तान के घर पर शिकायत कर दी थी। जिसके बाद सुल्तान के पिता ने उसको डांट दिया था। तभी युवक नाराज होकर घर से चला गया था। उसके बाद परिजनों को युवक का शव ही मिल सका।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
माना जा रहा है कि युवक की हत्या की गई है। हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए पेड़ के तने से उसके शव को लटकाने की कोशिश की गई थी। मगर करीब पांच फीट से अधिक के युवक का शव लगभग चार फीट के तने पर लटकना संभव नहीं था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की हत्या ही की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विवाहिता ने की आत्महत्या, पति को पुलिस ने लिया हिरासत में
दौराला: अख्तियारपुर गांव में दो दिन पहले एक विवाहिता के आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मायके पक्ष के लोगों ने थाने पर शिकायत की। जिस पर पुलिस विवाहिता के पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। अख्तियारपुर निवासी एक महिला ने किसी बात को लेकर दो दिन पहले आत्महत्या कर ली थी।
इसके बाद मृतका के ससुरालियों ने बिना पुलिस को बताए महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। शुक्रवार को दौराला थाने पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। जिस पर पुलिस मृतका के पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। बताया गया है कि थाने में दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।
अचानक तबीयत बिगड़ने से युवक की मौत
सरधना: सरधना के आजादनगर मोहल्ले में रात को अचानक एक युवक की तयिबत बिगड़ गई। इससे पहले ही परिजन उसे अस्पताल लेकर जाते, युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। आजादनगर मोहल्ला निवासी 31 वर्षीय सलीम पुत्र इरफान मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था।
बीती रात को वह परिवार समेत अपने मकान में सो रहा था। देर रात को अचानक से युवक की तबियत खराब हो गई। इससे पहले ही परिजन उसे अस्पताल ेकर जाते, युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।

