- ठंड बुजुर्गों और बच्चों के लिए होगी हानिकारक
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर बढ़ने लगा है। शनिवार की रात सीजन में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। ठंड का प्रकोप बढ़ने से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। रविवार को खिली धूप निकलने से लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। दिन व रात का तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शीतलहर के चलने से मेरठ के साथ वेस्ट यूपी के लोगों की कपकपी छूट रही है। मौसम का मिजाज बदलने से शनिवार की रात सीजन में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
जन जीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के साथ साथ रात में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। रविवार सुबह खिली धूप निकलने पर लोगों ने ठंड से कुछ राहत महसूस की, लेकिन, शाम होते होते ठंड का असर फिर से बढ़ गया। दिन ढलते ही लोग घरों में कैद हो गए। मौसम वैज्ञानिक डा. शमीम का कहना है कि पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ा है।
दो दिन तक कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 80 व न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की रफ्तार चार किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई। रात का पारा तीन डिग्री पर पहुंचने के कारण यह सीजन की अब तक सर्द रात है। लगातार बढ़ रही ठंड बुजुर्गों और बच्चों के लिए हानिकारक होगी। इसलिए विशेष सावधानी बरतनी
आवश्यक है।

