- प्रधान के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में पहुंचकर किया प्रदर्शन, कार्य न कराने का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: पांची गांव के ग्रामीणों ने प्रधान के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष पति के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नारेबाजी कर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने नाला निर्माण कार्य में रूकावट डालने का आरोप लगाते हुए एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सकें।
कलक्ट्रेट पर पांची गांव के प्रधान मोहम्मद नासिर ने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि गांव में छह सौ मीटर सीसी नाला जिला पंचायत से स्वीकृत हुआ है और इसमें सभी कार्य पूर्ण कराकर पीडब्ल्यूडी व जिला पंचायत व ग्राम प्रधान, ठेकेदार की मौजूदगी में कार्य शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद जिला पंचायत अध्यक्ष के पति ने फोन करके जेई को जेसीबी मशीन लेकर वापस बुला लिया आर कार्य रोकने के आदेश दिए।
जिसके बाद जेई मशीन को लेकर वापस चला गया है और वहां कार्य शुरू तक नहीं हो पाया। इसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्य शुरू कराकर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल सकें।
इस मौके पर शमशेर, मंगलू त्यागी, इसरार, दिलशाद, नौशाद, मुसीर, आफताब, शौकिन, रामकिरण त्यागी, डब्बू त्यागी, गफ्फार, राधे शर्मा, शाहिद, इकबाल आदि मौजूद रहे।

