- पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
- गंगानगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने की कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सर्विलांस टीम और गंगानगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खेप बरामद की है। पूछताछ में सामने आया है कि विस चुनाव के चलते यह हथियार सप्लाई किए जाने थे। हालांकि इससे पहले भी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। पुलिस ने हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए है। जिनके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार को एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषण होने के साथ ही चुनाव आयोग ने अवैध शराब और शस्त्रों की खरीद-फरोख्त पर शिकंजा कसने के आदेश दिए थे। इसी क्रम में जिला पुलिस प्रतिदिन अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही है। शुक्रवार को सर्विलांस की टीम और गंगानगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले ईको सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
तलाशी के दौरान इनके पास से 13333 तमंचे 315 बोर, तीन कारतूस, एक पिस्टल 0.32 बोर और एक कारतूस बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम सरफराज उर्फ बूटन पुत्र इरफान व ईशा पुत्र मूसा निवासीगण हर्रा थाना सरुरपुर और जमशैद पुत्र इदरीश निवासी न्यू इस्लामनगर बताया है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

