- चोरों के हौसले बुलंद, कस्बे में लगातार चोरी की बढ़ रही घटना
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद/ साहनपुर: नगर के निकटवर्ती कस्बा साहनपुर में चोरो ने नगर पंचायत में कार्यरत एक व्यक्ति के मकान को खंगाल कर दस लाख की नकदी व जेवर उड़ा लिए। एक सप्ताह में लगातार दो बार चोरी होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
नगर पंचायत साहनपुर के मौहल्ला रवापुरी मे रहने वाले कर्मचारी हरेंद्र के मकान में चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए उनके घर से दस लाख रुपये की नकदी व आभूषण चोरी कर लिए।
घटना के बाद से परिजनों मे हडकंप मच गया। बताया जाता है चोरों ने छत से घर में प्रवेश किया और उनके पूरे घर को खंगाल दिया। कमरे में जगह जगह सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
प्रात: उठने के बाद जब हरेन्द्र घर के दूसरे कमरे में पहुंचे तो उन्होंने घर का बिखरा सामान देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर साहनपुर चौकी प्रभारी कमल किशोर मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी ली। साहनपुर में लगातार एक सप्ताह मे दूसरी बार चोरी से लोगों मे चिंता व्याप्त हो गई।
पिछले सप्ताह साहनुपुर में पुलिस चौकी के पीछे स्थित एक दुकान मे चोरी हो गयी थी। साहनपुर में लगातार चोरी का ग्राफ बढ़ने को लेकर क्षेत्रवासियों ने पुलिस से साहनपुर क्षेत्र में गश्त तेज करने व चोरों को पकड़ने की मांग करते हुए चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।

