- बाइक, दो मोबाइल और साढ़े सात लाख बरामद
जनवाणी संवाददाता |
खरखौदा: बिजली बंबा चौकी क्षेत्र में लोहिया नगर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने गुरुवार शाम बाइक सवार युवक से हथियारों के बल पर 10 लाख रुपये लूट लिए तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन बदमाशों और घटना में प्रयुक्त बाइक व दो तमंचे व लूटे गये दो मोबाइल व साढ़े सात लाख रुपये नकद बरामद किये। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बाइक सवार तीन बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया था।
शोएब पुत्र नसीम अहमद निवासी मोहल्ला छावनी थाना सरधना ने बताया कि उसके चाचा सऊदी में रहकर अपना व्यापार करते हैं। जिनका हाल ही में वीजा खत्म हो गया था। जिसका नवीनीकरण करने के लिए 5.5 लाख रुपये किसी व्यक्ति को देने के लिए कहा गया।
शोएब के पास पहले से 4.5 लाख रुपये बहन की शादी के लिए इकट्ठा किए हुए थे। गुरुवार को शोएब के चाचा माजिद पुत्र जहूर अहमद द्वारा बताए गए जाहिद पुत्र अतीक अहमद निवासी गांव निलोहा थाना मवाना हाल पता लोहियानगर को 5.5 लाख रुपये देने के लिए शोएब को उसके मकान पर भेजा था। शोएब जब गुरुवार शाम करीब चार बजे लोहियानगर जा रहा था।

तब लोहिया नगर से पहले एपीजे अब्दुल कलाम कॉलेज के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया तथा तीनों ने मिलकर शोएब के कान पर तमंचे सटाकर गोली मारने की धमकी देते हुए उससे 10 लाख रुपये लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए। शोएब ने एक बदमाश को पहचान लिया था।
शोएब ने पहचाने गए जाहिद व दो बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शर्मा ने बताया कि लूट करने वाले जाहिद नदीम उर्फ दानिश पुत्र अतीक अहमद निवासी निलोहा थाना मवाना, आसिफ पुत्र अय्यूब निवासी समर गार्डन मिलन पैलेस के पीछे लिसाड़ी गेट, आजाद पुत्र गुलशेर निवासी मजीद नगर लिसाड़ी गेट के पास से नकद साढ़े सात लाख रुपये, दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक पेशन प्रो नंबर यूपी-15सीआर 8386 बरामद की गई।

