- मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाएं पूरी करने के दिये निर्देश, विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायती चुनावों की आधी-अधूरी तैयारी को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव संबंधी व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिये।
अप्रैल माह में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव होना तय है। जिसे लेकर शासन की ओर से भी दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं। चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यालय की ओर से भी तैयारी कर ली गई है। त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में चुनावी व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिये गये। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों में 140 मतदान स्थल बनाये गये हैं। इन मतदान स्थलों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवगत कराया कि 28 इंटर कालेजों के सत्यापन में नौ इंटरमीडिएट कॉलेजों की सूचना आॅनलाइन दिये लिंग पर अपडेट की जा चुकी है।
इसके साथ ही बहरामपुर राजकीय इंटर कॉलेज में विद्युत व्यवस्था संचालित किये जाने की बात की गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालय व जूनियर हाईस्कूलों में 2138 स्थलों के विषय में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से काई जानकारी नहीं दी गई। जिस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और दो दिनों के अंदर बिजली, पानी, शौचालयों, फर्नीचर आदि व्यवस्थाओं को सही कर सूचना देने के निर्देश दिये।
इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक सिन्हा ने बताया कि पंचायत घर में स्थित 56 मतदान स्थलों में से 16 में फर्नीचर, तीन पर शौचालय, सात में विद्युत कनेक्शन व 35 केन्द्रों में रैंप नहीं है। जिस पर सीडीओ ने सभी व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिये व विद्युत कनेक्श्चान कराने के भी निर्देश दिये।
वहीं आंगनबाड़ी केन्द्रों के 11 मतदान केन्द्रों पर भी विद्युत कनेक्शन नहीं हैं, जहां कनेक्शन लगाने के निर्देश दिये गये। वहीं किसान सेवा केन्द्र में स्थित मतदान केन्द्रों के संबंध में भी उप निदेशक मंडी समिति की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई, जिस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
सीडीओ ने जिन मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाएं नहीं है उनके संबंध में जल्द से जल्द सभी व्वस्थाएं कर आॅनलाइन अपडेट कराने के निर्देश दिये। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक गिरिजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सतेन्द्र कुमार, मंडी निरीक्षक मंडी समिति राजेश गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आरएनपाल, प्रवक्ता डा. मेघराज सिंह आदि मौजूद रहे।
मतदान केन्द्रों का हो रहा आॅनलाइन निरीक्षण
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को संपन्न कराने व उनकी तैयारियों के लिये डएम के. बालाजी ने मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही अपर जिलाधिकारी राजस्व एवं वित्त सुभाष चंद्र को प्रभारी अधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नोडल अधिकारी के द्वारा इस बार मेरठ जनपद के सभी मतदान केन्द्रों की जानकारियों का आॅनलाइन सत्यापन कराने के लिये डा. मेघराज सिंह को लिंक बनाने का निर्देश दिया गया। इस बार पहली बार सभी मतदान केन्द्रों का आॅनलाइन निरीक्षण किया जा रहा है। सभी व्यवस्थाओं की फोटो भी अपलॉड कराई जा रही है।
वोट बनवाने को भटक रहे लोग
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर वह लोग भी परेशान हैं जिनकी वोट नहीं बन पायी है। शनिवार को ऐसा ही एक मामला मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में सामने आया। रोहटा क्षेत्र के रजापुर गांव निवासी एक व्यक्ति वोट बनवाने के लिये वहां पहुंचे। रजापुर निवासी वेदपाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत की उनकी 30 से 40 वोट हैं। पिछले कई दिनों से वह परेशान हैं, लेकिन उनकी वोट नहीं बन पा रही हैं।
शनिवार को वह तहसील कार्यालय में पहुंचे, लेकिन वहां पर विधानसभा संबंधित वोट बनाने का कार्य किया जा रहा है कहकर उन्हें टरका दिया गया। जिसके बाद वह अपनी समस्या को लेकर मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय में पहुंचे। जहां से उन्हें संबंधित विभाग में भेज दिया गया।
वेदपाल ने बताया कि उन्होंने मतदाता पहचान पत्र बनवाने को क्षेत्र के बीएलओ को कागजाद दिये थे, लेकिन उनकी वोट नहीं बन पाई, जिसके बाद से वह परेशान हैं। अपनी समस्या को लेकर वह जिला पंचायती राज अधिकारी के कार्यालय पहुंचे जहां से उन्हे फार्म देकर वोट बनाये जाने का आश्वासन देकर लौटा दिया गया।

