- आगामी आठ मार्च तक की जाएगी दाखिल आपत्तियां
जनवाणी संवाददाता |
शामली: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2021 का आरक्षण जारी होने के बाद आपत्तियां दाखिल किए जाने सिलसिला भी शुरू हो गया है। पहले ही दिन दो दर्जन आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इन आपत्तियों में फिलहाल जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व बीडीसी पदों के आरक्षण में फेरबदल को लेकर विभिन्न आपत्तियां शामिल हैं। आगामी आठ मार्च तक आपत्तियां दाखिल की जाएगी। जिसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कराया जाएगा।
गत 02 मार्च को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर अरक्षण जारी हुआ था। इसके बाद विकास खंडों व डीपीआरओ कार्यालय पर सूची चस्पा कर दी गई थी। 4 से 8 मार्च तक आपत्तियां स्वीकार करने के तिथि निर्धारित है। गुरुवार को पहले ही दिन डीपीआरओ कार्यालय पर 12 आपत्तियां मिली है, जबकि इसके बाद थानाभवन, कैराना, कांधला, ऊन, शामली ब्लाक में भी 12 ही आपत्तियां आई हैं।
जिला पंचायत चुनाव के आरक्षण में फेरबदल की उम्मीद कई दावेदार लगा रहे है। कईयों की सीट अनुसूचित जाति वर्ग में आने से ओबीसी व सामान्य के दावेदारों को काफी मुश्किलें सामने आ रही हैं। यहीं वजह है कि अब लगातार आपत्तियों का दौर शुरू हो चुका हैं। पहले दिन ही दो बजे तक 10 से अधिक आपत्तियां मिल चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी विकास खंडों व डीपीआरओ कार्यालय पर विभिन्न पदों के लिए आपत्तियां दी जाती रही।
संभावित उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों या खुद ही आरक्षण पर आपत्तियां दर्ज करा दी है। कई सीटों पर यदि आरक्षण में फेरबदल होता है तो निश्चित तौर पर सीटों के समीकरण में बदलाव हो जाएंगे। हालांकि प्रशासनिक अफसरों का दावा है कि आरक्षण बेहद सावधानी के साथ नियम-कायदों के साथ ही जारी किया गया है।
इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं हुईं है, लेकिन आपत्तियों की सुनवाई भी सटीक तरीके से कराकर प्रकरणों का निस्तारण कराया जाएगा। डीपीआरओ आलोक शर्मा ने कहा कि आगामी आठ मार्च तक आपत्तियां ली जाएगी। पहले ही दिन 24 आपत्तियां मिली है। ऐसे में चार दिन ओर है, आपत्तियों के बढ़ने की संभावना हैं।
त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर एसडीएम ने बूथवार समीक्षा
गुरुवार को तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी मणि अरोड़ा की अध्यक्षता में लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिवों व पुलिस विभाग की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। त्रिस्तरीय पंचायत को लेकर 10 बिंदुओं चर्चा हुई। जिसके बाद उप जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से बूथवार समीक्षा की।
बूथों को संवेदनशीलता को देखते हुए तीन श्रेणियों में संवेदनशील, अति संवेदनशील व अतिसंवेदनशील प्लस में बांटकर सूची तैयार की। सभी कर्मचारियों से निष्पक्ष होकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश के साथ ही पुलिस विभाग को असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में तहसीलदार एचडी पंवार, एसओ झिंझाना, सभी लेखपाल ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

