- व्यापार मंडल द्वारा आयोजित कैंप में व्यापारियों ने कराया पंजीयन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल और वाणिज्य कर विभाग द्वारा जीएसटी पंजीयन कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें शामली शहर के अलावा जनपद के व्यापारियों ने पंजीयन कराए हैं। गुरुवार को शामली नगर पालिका परिषद में आयोजित जीएसटी विभाग में पंजीयन कैंप का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह और संगठन के प्रदेशध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने सामूहिक रुप से फीता काटकर किया। कैंप में वाणिज्य कर विभाग के उपायुक्त धर्मेंन्द्र कुमार तथा सहायक उपायुक्त राजेंद्र कुमार चक्रवर्ती के साथ सीटीओ भानु प्रताप सिंह, एडवोकेट ऋषभ जैन एवं एडवोकेट मयंक सिंगल और व्यापारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में एडीएम संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के कैंप वास्तव में व्यापारियों के हित में काम करते हैं और व्यापारियों को ऐसे कैंपों का लाभ उठाना चाहिए। गत दिनों जीएसटी विभाग में पंजीकरण हेतु सभी नगरों में किए गए सर्वे छापे से जो अफरा-तफरी का माहौल पैदा हुआ है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापारी को डरना नहीं बल्कि डट कर रहना चाहिए। प्रदेशध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि जीएसटी पंजीकरण लेने के बाद व्यापारी हर प्रकार की समस्याओं से बच सकता है। कैंप में दर्जनों व्यापारियों ने अपने जीएसटी विभाग में पंजीयन रजिस्टर्ड कराएं।
कैंप में जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सुदेश सिंगल, महिला प्रदेश संगठन मंत्री शशि अरोड़ा तथा महिला नगर अध्यक्ष शिखा गोयल, अनुज गोयल, नरेंद्र अग्रवाल, रवि संगल, वैभव गोयल, राजेश जैन, अंशुल मित्तल आदि उपस्थित रहे।

