जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: पचेंडा रोड स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों से अवगत कराने के लिए ट्रैफिक की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंद्रजीत (टीएसआई), वीर अभिमन्यु (टीएसआई), स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल, निदेशक अनघ सिंघल तथा प्रधानाचार्या मानसी सिंघल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में वीर अभिमन्यु ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों की विस्तार से जानकारी दी। सड़क पर दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चोपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का हमेशा प्रयोग किया जाना चाहिए। ट्रैफिक नियमों की महत्वपूर्ण जानकारियों में उन्होंने बताया कि एयरबैग कभी भी बिना सीट बेल्ट लगाए हुए नहीं खुलता है अगर आपने अपना सीट बेल्ट नहीं लगाया हुआ है तो आपके गाड़ी में लगा एयरबैग नहीं खुलेगा।
इंदरजीत सिंह ने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक नियम शायद आप लोगों के लिए विषय अच्छा नहीं है पर इसकी जानकारी जरूरी है क्योंकि इसकी जानकारी रहते हुए आप अपने साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य व्यक्तियों के जीवन को भी सुरक्षित कर सकते हैं।

ट्रैफिक नियमों का पालन करना हमारा कर्तव्य है ।उन्होंने बच्चों को एम .वी एक्ट के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों को बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग देकर सम्मानित किया।
उन्होंने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने विद्यालय प्रांगण में उपस्थित होकर बच्चों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी प्राप्त कराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण जयसवाल, लव कुमार, भानु गुप्ता, अजय कुमार, अनिल कुमार आदि का विशेष योगदान रहा।

