जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: गांव जौला में मंदिर के द्वार पर मांस डालकर साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने के आरोपित दो सगे भाइयों व उनकी पत्नियों को गिरफ्तार कर लिया। गांव जौला के मंदिर में हुई इस घटना के राजफाश के बाद ग्रामीणों व पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि गांव जौला में सोमवार को शिव मंदिर के द्वार पर मांस रखा मिला था। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत किया था। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि मंदिर के परिसर में गांव जौला के ही राकेश पुत्र गंगाराम उर्फ लल्ला व उनके परिवार की कुछ महिलाओं ने मांस डाला है।
जिससे हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंची और गांव में साम्प्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित राकेश को पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी अनारकली, भाई राजेश व भाभी कुसुम के साथ मिलकर मांस रखा था। पुलिस ने अन्य तीनों आरोपियो को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी का चालान कर दिया गया।

