जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: यूपी और महाराष्ट्र की आतंकवाद निरोधक दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले आरोपियों मोहम्मद अरमान सैय्यद और मोहम्मद सलमान सिद्दीकी को दबोच लिया है।
महाराष्ट्र और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के जोगेश्वरी में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों आईएसआई के एजेंट है। उन्होंने अपना नाम अरमान सैय्यद (62) और मोहम्मद सलमान सिद्दीकी (24) बताया। दोनों ने आईएसआई एजेंट मोहम्मद रईस की मदद की थी।
यूपी में गोंडा जिले के रहने वाले रईस को यूपी एटीएस ने पहले ही दबोच लिया था। रईस पाकिस्तान में अपने आकाओं को भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों सहित अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों और इलाकों की खुफिया जानकारी पहुंचाता था।
रईस ने ही पूछताछ में जोगेश्वरी के दोनों एजेंटों की जानकारी दी, जिसके बाद एटीएस ने कार्रवाई की। सैय्यद और सिद्दीकी को कोर्ट में पेश करने के बाद यूपी एटीएस अधिकारियों को सौंप दिया गया।