जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर कुष्ठ निवारण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 30 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलने वाले स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। सीएमओ कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह और समस्त स्टाफ ने सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कुष्ठ रोग को लेकर जिलाधिकारी का संदेश पढ़कर सुनाया गया।कार्यक्रम में बताया गया कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में कुष्ठ रोगियों की निःस्वार्थ सेवा की और समाज को उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि कुष्ठ रोग कोई पाप या अभिशाप नहीं, बल्कि अन्य बीमारियों की तरह एक सामान्य रोग है, जो एमडीटी दवा से पूरी तरह ठीक हो जाता है। रोग की शुरुआत शरीर पर सुन्न दाग से होती है और समय पर इलाज कराने से विकलांगता से बचा जा सकता है।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह ने जनपद के चार कुष्ठ आश्रम—निराश्रय कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन, परमानंद कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन, जय दुर्गा कुष्ठ आश्रम दिल्ली रोड और निर्माण कुष्ठ आश्रम बेहट रोड—में पहुंचकर उपचारित कुष्ठ रोगियों को सामान्य दवाएं, मरहम-पट्टी और एमसीआर चप्पलों का वितरण कराया।अभियान के अंतर्गत लोगों से कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव समाप्त कर सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में रामरूप राजभर, अमरीश आर्य, रमन कुमार बंसल, सौरभ कुमार, हिरदेश कुमार, अंशुलता, सुनिता देवी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

