- पुलिस ने मृतक का शव बरामद, कुतबशेर थाना क्षेत्र के ढोली खाल मोहल्ले की घटना
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: घर के बाहर खेल रहे मासूम बच्चे की अपहरण कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुतबशेर थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतक के चाचा को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।
गुरुवार की रात करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रहा कुतबशेर थानाक्षेत्र के मोहल्ला ढोलीखाल निवासी गयासुद्दीन उर्फ बंटी का सात साल का बेटा अब्दुल शमी अचानक गायब हो गया था।
बच्चे के गायब होने की घटना से चौतरफा हड़कंप मच गया था। सूचना पर एसएसपी डॉक्टर चन्नप्पा, एसपी सिटी विनीत भटनागर, सीओ व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। परिजनों द्वारा शक ज़ाहिर करने पर चाचा सहित तीन लोगों को पुलिस ने आधी रात के समय हिरासत की तो पूरा मामला सामने आ गया।
एसपी सिटी के मुताबिक रिश्ते के चाचा ने रंजिश के तहत अपने दो साथियों के साथ बच्चे का अपहरण कर मुँह पर टेप लगाकर उसकी हत्या कर दी थी।
आरोपियों ने मृतक का शव ढमोला नदी पुल के पास फेक दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

