जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: 6 दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए फिर से जांच करने की मांग की है। हालांकि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण लिवर बर्स्ट होना आया है।
गुरुवार को बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव अंबेहटा चांद के कई दर्जन पुरुष व महिलाएं ग्राम सोना अर्जुनपुर के पूर्व प्रधान श्यामवीर सिंह के नेतृत्व में रामपुर मनिहारान कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार से मिले। उन लोगों का कहना था कि 17 मार्च की रात को मोनू पुत्र रामकुमार उम्र लगभग 33 वर्ष अपने ही गांव के दोस्त अविनाश पुत्र तेजपाल के साथ बाइक पर रामपुर से अपने गांव लौट रहे थे।
देवबंद रोड गांव मुंडी खेड़ी तिराहे पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर जाने के दौरान मोनू की मौत का कारण बताया जा रहा है। जबकि उसी के साथी ने हत्या की है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के समय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी पुलिस ने दोनों घायलों को रामपुर अस्पताल पहुंचाया जहां मोनू पुत्र रामकुमार की मौत हो गई थी। दूसरे साथी अविनाश के गले की हड्डी भी टूट गयी थी।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा पीएम रिपोर्ट के अनुसार मृत्यु का कारण लिवर का बर्स्ट होना बताया गया है। थाने पहुंचे ग्रामीणों ने कोतवाली प्रभारी से बताया कि मोनू की मृत्यु एक्सीडेंट से नहीं बल्कि उसी के दोस्त ने की है। इसलिए पूरे प्रकरण की फिर से जांच करा कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उधर, कोतवाली प्रभारी ने मृतक की पत्नी से भी घटना के बारे पूरी जानकारी ली। बताया कि एक्सीडेंट के दौरान मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शी भी एक्सीडेंट होना बता रहे हैं। बाकी जांच की जा रही है।

