जनवाणी संवाददाता |
शामली: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में शामली शहर के विद्यालयों में जनसंपर्क किया। गुरुवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने शामली के राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज, वीवी इंटर कॉलेज, सरस्वती कन्या एवं छात्र इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज आदि में जनसंपर्क किया।
उन्होंने एमएलसी चुनाव के लिए शिक्षक संघ के शिक्षक सीट पर डा. उमेश त्यागी एवं स्नातक सीट से डीएन इंटर कॉलेज मेरठ कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह के समर्थन का आहवान किया। जनसंपर्क में सुरेश कुमार शर्मा के साथ ऋषिपाल सिंह, शीशपाल सिंह, विजयवीर, जसराज सिंह, पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।
शिक्षक और स्नातक मेरठ खंड पर यूटा ने दिया समर्थन
शिक्षक और स्नातक मेरठ खंड की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को भाजपा की एक बैठक हनुमान रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर हुई। जिसमें यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन (यूटा) ने भाजपा के दोनों प्रत्याशियों के समर्थन की घोषणा की। यूटा के जिलाध्यक्ष और जिला संयोजक सिकेंदर निर्वाल और नितिन पंवार ने घोषणा करते हुए कहा कि यूटा आगामी विधान परिषद चुनाव में भाजपा का समर्थन करेगी।
मुख्य वक्ता विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि विकास के बदलाव का जो प्रारूप हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में देख रहे हैं। वह हमें उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। इस मौके पर जिला महामंत्री पुनीत द्विवेदी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष डा. अनुराग शर्मा, प्रतीक गर्ग, परमिंदर, मोहित गुप्ता, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।
कैराना ब्लॉक के 1398 मतदाता करेगे मतदान
एक दिसम्बर को होने वाले मेरठ खंड के एमएलसी स्रातक व शिक्षक पद के चुनाव के लिए खंड विकास कार्यालय पर दो बूथ बनाये जाएंगे। तहसीलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि मेरठ खंड के एमएलसी स्रातक व एमएलसी शिक्षक के चुनाव के लिए खंड विकास कार्यालय कैराना पर दो बूथ बनाए जाएंगे। मतदान एक दिसंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। एक बूथ पर 700 मतदाता तथा दूसरे बूथ पर 698 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

