जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि वेनेजुएला ने अमेरिका को 50 मिलियन बैरल कच्चा तेल देने की पेशकश की है, जिसकी कुल कीमत करीब 52 अरब अमेरिकी डॉलर है। ट्रंप ने बताया कि अमेरिका ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और दोनों देशों के बीच इस पर सहमति बन गई है।
न्यूयॉर्क में सदर्न बुलेवार्ड का नाम बदलकर डोनाल्ड जे. ट्रंप बुलेवार्ड रखे जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा, “वेनेजुएला के लोगों ने हमसे कहा कि उनके पास 5 करोड़ बैरल तेल है, जिसे तुरंत प्रोसेस करना जरूरी है क्योंकि उनके पास भंडारण की जगह नहीं है। उन्होंने पूछा कि क्या अमेरिका इसे लेगा, और मैंने कहा—हम इसे लेंगे।”
अंतरिम सरकार से रिश्तों की तारीफ
ट्रंप ने वेनेजुएला में पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद गठित अंतरिम सरकार के साथ अमेरिका के रिश्तों को “बेहद मजबूत” बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरिम राष्ट्रपति और प्रशासन के साथ अमेरिका के अच्छे संबंध हैं, जिससे क्षेत्र में दबाव काफी हद तक कम हुआ है।
पहले ही सामने आ चुकी थी डील की जानकारी
इस सौदे को लेकर पहले भी संकेत मिल चुके थे। मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि वॉशिंगटन वेनेजुएला के प्रशासनिक संचालन में अहम भूमिका निभाएगा और देश के तेल संसाधनों तक उसकी पहुंच होगी। ट्रंप के ताजा बयान से न्यूयॉर्क स्थित मीडिया आउटलेट सेमाफोर की उस रिपोर्ट की भी पुष्टि होती है, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका पहले ही वेनेजुएला से 500 मिलियन डॉलर मूल्य का तेल खरीद चुका है।
तेल बिक्री से होने वाली कमाई पर अमेरिका का नियंत्रण
सेमाफोर की रिपोर्ट के अनुसार, तेल बिक्री से होने वाला राजस्व फिलहाल अमेरिकी सरकार के नियंत्रण वाले बैंक खातों में जमा किया जा रहा है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसका मुख्य खाता कतर में स्थित है।
वेनेजुएला में अमेरिकी निवेश की रणनीति
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला के पास करीब 303 अरब बैरल कच्चे तेल का भंडार है, जो वैश्विक तेल भंडार का लगभग पांचवां हिस्सा माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रंप पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वे वेनेजुएला के जर्जर तेल बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए अरबों डॉलर के निवेश हेतु प्रमुख अमेरिकी तेल कंपनियों को आगे लाने की योजना बना रहे हैं।

