- मेडिकल, पीएल शर्मा सभी सीएचसी और संतोष हॉस्पिटल बनाए गए सेंटर
जनवाणी संववाददाता |
मेरठ: वैक्सीनेटर अलर्ट मोड पर हैं। कोरोना पर अंतिम प्रहार के लिए आज से वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियों को फाइनल टच दे दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के तमाम आला अधिकारी भी ऐक्शन मोड में हैं। स्वास्थ्य विभाग के तमाम अफसर शनिवार सात बजे से फिल्ड में रिपोर्टिंग करेंगे। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को प्रत्येक घंटे की रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि शुक्रवार को कोल्ड चेन से सेंटरों तक वैक्सीन पहुंचाने का रिहर्सल किया गया। मेडिकल के प्राचार्य डा. ज्ञानेन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि फर्स्ट फेज में जिनको वैक्सीनेशन किया जाना है। उनको पहले ही सूचना दे दी गयी है।
सुबह करीब नौ बजे चिह्नित किए गए हेल्थ केयर वर्कर व फं्रटलाइन वर्कर पहुंच जाएंगे। वैक्सीनेशन के बाद सभी को रुकने को कहा गया है। जिनको वैक्सीनेशन किया जाना है, वैक्सीन के बाद उनकी सघन जांच के लिए तथा साइड इफेक्ट के मद्देनजर एक वार्ड भी तैयार किया गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि इसी प्रकार की तैयारियां जिला अस्पताल समेत अन्य सभी सीएचसी पर भी की गयी है।

वैक्सीनेशन को लेकर रोमांच
वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में डर मिश्रित रोमांच भी देखा जा रहा है। हालांकि आॅन द रिकॉर्ड स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जिनको वैक्सीनेशन किया जाना है वो भी कुछ खुलकर बोलने से पहरेज कर रहे हैं, लेकिन जिनको वैक्सीनेशन किया जाना है आॅफ द रिकॉर्ड उनमें से कई का कहना है कि वो चाहते हैं पहले उन्हें न वैक्सीन दी जाए। दरअसल, साइड इफेक्ट को लेकर उनमें कुछ घबराहट साफ महसूस की जा सकती है।
वहीं, दूसरी ओर निजी स्वास्थ्य संगठनों में भी वैक्सीनेशन को लेकर जितनी उम्मीद की जा रही थी वैसा उत्साह नजर नहीं आ रहा है। दरअसल, वैक्सीनेशन का स्वागत तो सभी कर रहे हैं, लेकिन पहले आप, पहले आप की तर्ज पर चाहते हैं कि वैक्सीनेशन में उनकी बारी बाद में आए तो बेहतर है।

तैयारियों की दी जानकारी
सीएमओ कार्यालय में बुलायी गयी प्रेसवार्ता में मेरठ, सहारनपुर मंडल के सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने शनिवार से शुरू होने जा रहे वैक्सीनेशन की तैयारियों की जानकारी दी। प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य विभाग खासतौर से वैक्सीनेशन अभियान से जुडे तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे। डा. तालियान ने बताया कि सभी सेंटरों पर सुबह करीब नौ बजे अभियान की शुरूआत करा दी जाएगी।

डा. तुंगवीर आर्य करेंगे टीके की शुरूआत
कोरोना की वैक्सीनेशन के लिए एलएलआरएम मेडिकल में करीब 100 हेल्थ केयर व व फ्रंटलाइन वर्करों की सूची तैयार की गयी है। प्राचार्य डा. ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि सभी को सूचना भेज दी गयी है। मेडिकल मे वैक्सीनेशन की पारी की शुरूआत डा. तुंगवीर सिंह आर्य से होगी। इनके अलावा कर्मचारी नेता विपिन त्यागी, कई विभागों को एचओडी तथा अन्य स्टाफ फस्ट फेज में शामिल रहेंगे।
कोरोना के कारण जनगणना कार्य स्थगित, जल्द होगा शुरू
जनगणना आयुक्त नरेन्द्र शंकर पांडेय ने आज सर्किट हाऊस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य कोरोना महामारी के नियंत्रण के चलते स्थगित है। केन्द्र सरकार के निर्देश प्राप्त होने पर प्रारंभ कराया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन्म व मृत्यु का शत प्रतिशत पंजीयन जनपद में कराये।
उन्होंने कोरोना महामारी नियंत्रण के लिए लगाये जाने वाले टीका की तैयारियों के संबंध में भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। जनगणना आयुक्त नरेन्द्र शंकर पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में औसतन 80 प्रतिशत जन्म व औसतन 40 प्रतिशत मृत्यु ही पंजीकृत हो पा रही है। जनपद मेरठ में 68 प्रतिशत जन्म व 38.5 प्रतिशत मृत्यु ही पंजीकृत हो पा रही है।
अधिकारी सीआरएस रिपोर्ट नियमित रूप से भेजे तथा इसकी हर हफ्ते समीक्षा करे। इस अवसर पर डीएम के. बालाजी, अपर जिलाधिकारी वित्त सुभाश चन्द्र प्रजापति, सहायक निदेशक जनगणना आलोक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सरधना सीएचसी पहुंची कोविड वैक्सीन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड वैक्सीन के टीके लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। टीकाकरण के लिए शुक्रवार को अस्पताल में वैक्सीन के 110 टीके भी जिले से पहुंच गए हैं। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शनिवार को पहले दिन सीएचसी प्रभारी को सबसे पहला टीका लगाया जाएगा। इसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स में सौ लोगों को वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सभी इंतजाम पूरे हो गए हैं।
कोरोना महामारी को रोकन के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में लगा हुआ है। कोविड वैक्सीन के टीकाकरण के लिए सरधना सीएचसी में दो सत्र बनाए गए हैं। इसके अलावा जांच कक्ष और प्रतीक्षा कक्ष भी बनाए गए हैं। समस्त स्टाफ को टीकाकरण के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
शुक्रवार को सुरक्षा के बीच सीएचसी में कोविड वैक्सीन लाई गई। पहली खेप में कोविड वैक्सीन के कुल 110 टीके आए हैं। शनिवार से अस्पताल में टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सबसे पहला टीका सीएचसी प्रभारी को लगाया जाएगा। इसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीके लगेंगे। जिनमें स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी आदि शामिल हैं। पहले दिन अस्पताल में कुल सौ लोगों को टीका लगाया जाएगा।
अस्पताल में वैक्सीन की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में वैक्सीन के 110 टीके आए हैं। शनिवार को सौ लोगों को टीका लगाया जाएगा। दस टीके अतिरिक्त मंगाए गए हैं। ताकि किसी भी परिस्थिति में लक्ष्य को पूरा किया जा सके। टीकाकरण के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं।
मवाना: सुरक्षा दस्ते के साथ मवाना सीएचसी पहुंची को-वैक्सीन
कोरोना वायरस के मद्देनजर आज से चलने वाले प्रथम चरण के को-वैक्सीन टीकाकरण अभियान से दो दिन पहले सुरक्षा दस्ते के साथ को-वैक्सीन किट सीएचसी पहुंची। चिकित्सकों ने पुलिस अभिरक्षा में को-वैक्सीन की पेटी को ड्रिप फ्रीज में रखवाया। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश भास्कर ने बताया कि प्रथम चरण में शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के तहत रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है।
को-वैक्सीन डोज के पहुंचने पर चिकित्सकों ने तालियां बजाते हुए स्वागत किया। बताया कि आज से कोशील्ड टीकाकरण अभियान की शुरूआत किया जाएगा। इस दौरान डा. सतीश भास्कर ने चिकित्सक टीम को दृढ़ता के साथ जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस मौके पर डा. टीपी सिंह, डा. अनिल शर्मा, डा. अरुण कुमार, डा. देव कुमार, डा. कपिल धामा आदि मौजूद रहे।

