- पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, मुख्यमंत्री मेरठ में दिखाएंगे हरी झंडी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ से लखनऊ के लिए 31 अगस्त से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। इस ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, लेकिन मेरठ के सिटी स्टेशन पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। अत्याधुनिक और हवा से बात करने वाली यह ट्रेन मात्र सात घंटे में लखनऊ पहुंचाएगी। 29 अगस्त को इसका ट्रायल हो सकता है।
मेरठ से लखनऊ के लिए काफी समय से हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत के संचालन की मांग की जा रही थी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेई, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल कई बार रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर मेरठ से लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन के संचालन की मांग कर चुके। हाल ही में सांसद अरुण गोविल ने भी रेलमंत्री से उक्त ट्रेन की मांग की थी। रेलमंत्री उक्त नेताओं को शीघ्र वंदे भारत का संचालन शुरू कराने का भरोसा दिया था। पिछले माह सिटी स्टेशन पर उक्त ट्रेन की धुलाई के लिए वाशिंग लाइन पर विद्युतीकरण का कार्य भी किया गया था।
मेरठ से लखनऊ के बीच 31 अगस्त से वंदे भारत को ट्रैक पर उतार दिया जाएगा। 10 डिब्बों की यह ट्रेन चेयर कार होगी। जिसमें लोग आरामदायक सीटों पर बैठकर सुहाना सफर कर सकेंगे। यह हाईस्पीड ट्रेन मात्र सात घंटे में मेरठ से लखनऊ का सफर पूरा कर देगी। 31 अगस्त की दोपहर साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। मेरठ के सिटी स्टेशन पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। रेलवे के अधिकारी उनका आना तय मान रहे हैं, हालांकि अभी प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी होने की सूचना नहीं है।
इस मौके पर दिल्ली मंडल के डीआरएम सुखविंदर सिंह और जीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। 29 अगस्त को इस ट्रेन का ट्रायल रन होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक इसकी किराया सूची जारी नहीं की गई, लेकिन इस ट्रेन का किराया अन्य ट्रेनों अधिक होगा। मेरठ के ट्रैक पर अब यह दूसरी वंदे भारत होगी। गत वर्ष दिल्ली देहरादून के बीच संचालित होने वाली वंदे भारत ट्रेन का मेरठ में स्टपेज है, लेकिन मेरठ से शुरू वंदे भारत शुरू होने से मेरठ की पटरियों पर यह दूसरी वंदे भारत हो जाएगी।
मात्र दो स्टेशनों पर है स्टाप
मेरठ से लखनऊ के बीच संचालित होने जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रास्ते में मात्र दो स्टेशन मुरादाबाद और बरेली रुकेगी, इसके बाद यह ट्रेन लखनऊ के आलमबाग स्टेशन पर रुकेगी।
अब मेरठ से लखनऊ के लिए तीन ट्रेनें हो जाएंगी
मेरठ से रोजाना सैकड़ों यात्री लखनऊ का सफर करते हैं। 35 वर्ष पूर्व मेरठ से वाया लखनऊ होेकर प्रयागराज तक जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया था। सहारनपुर के यात्रियों की मांग को देखते हुए नौचंदी एक्सप्रेस की छह कोच को सहारनपुर तक भेजना शुरू किया गया। इसे लिंक एक्सप्रेस नाम दिया गया। इसके बाद मेरठ से लखनऊ के लिए राज्यरानी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया। अब लखनऊ के लिए तीसरी ट्रेन वंदे भारत हो जाएगी।
वंदे भारत का मेरठ से संचालन गर्व की बात: बाजपेई
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत बाजपेई का कहना है कि मेरठ से वंदे भारत का संचालन शुरू होना प्रत्येक मेरठवासी के लिए गर्व की बात है। इस ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, यह भी गर्व की बात है। मेरठ को अत्याधुनिक ट्रेन मिल गई। लोग 12 घंटे का सफर मात्र सात घंटों में तय कर सकेंगे। लग्जरी ट्रेन में सफर करने वालों को थकान भी नहीं होगी।
इस समय यहां से चलेगी वंदे भारत
- मेरठ के सिटी स्टेशन से सुबह 6:35 बजे रवाना होगी।
- लखनऊ यह ट्रेन दोपहर 1:45 बजे पहुंचाएगी।
- लखनऊ के आलमबाग स्टेशन से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी।
- मेरठ के सिटी स्टेशन पर यह ट्रेन रात को 9:55 बजे पहुंचाएगी।

