जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजियों द्वारा नजरअंदाज किए गए भारतीय टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज हनुमा विहारी इंग्लैंड में छह टेस्ट मैचों के आगामी दौरे की तैयारी काउंटी टीम वारविकशर से जुड़कर करेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग के बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करना है। टीम को इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भाग लेना है।
दायें हाथ का यह बल्लेबाज इंग्लैंड पहुंच गया है और बर्मिंघम की इस काउंटी टीम के साथ इस सत्र के कम से कम तीन मैचों के लिए जुड़ेगा। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हां, विहारी इस सत्र में इंग्लैंड की काउंटी टीम वारविकशर के लिए खेलेंगे। वह कुछ मैच खेलेंगे। वह इंग्लैंड में है।
वारविकशर काउंटी के हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार इसके करार से जुड़ी चीजों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करार से जुड़ी चीजों पर काम जारी है। वह कम से कम तीन मैच खेलेंगे।
हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उन्हें कुछ और मैचों में खेलने का मौका मिल सकता है। विहारी ने इससे पहले 2019 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन उसके बाद टेस्ट विशेषज्ञ का ठप्पा लगने के कारण आईपीएल नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने उनके लिए बोली नहीं लगाई। इस 27 साल के बल्लेबाज ने भारत के लिए 12 टेस्ट में 32 के अधिक के औसत से 624 रन बनाए है।

