प्रोजेक्ट मैनेजर ने कहा अंडरपास को चल रहा मंथन
बंधक बनाए जाने की अफवाह पर दौड़ी पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: निर्माणाधीन एनएच-709 ए नंगली मोड़ पर निरीक्षण को पहुंचे प्रोजेक्ट मैनेजर को बृहस्पतिवार दोपहर प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा आश्वस्त किए जाने के बावजूद ग्रामीण एनएचएआई के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। उधर प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रोजेक्ट मैनेजर को बंधक बनाने की सूचना पर इंस्पेक्टर किठौर मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रोजेक्ट मैनेजर उच्चाधिकारियों से ग्रामीणों की फोनिंग वार्ता कराकर गंतव्य को रवाना हो गया।
नंगली मोड़ पर अंडरपास की मांग कर रहे ग्रामीणों के तेवर लगातार तल्खी पकड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को एनएचएआई का प्रोजेक्ट मैनेजर नंगली मोड़ के आसपास निरीक्षण को पहुंचा तो ग्रामींणों ने उसकी घेराबंदी कर ली। आक्रोशित ग्रामींणों का कहना था कि अंडरपास की मांग को लेकर वे 13 दिन से धरने पर डटे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है। ग्रामीणों के तेवर देख प्रोजेक्ट मैनेजर उनके बीच धरनास्थल पर बैठ गया। उसने बताया कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों का मांगपत्र एनएचएआई के अधिकारियों को भेज दिया है।
जिस पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इस पर ग्रामीण और उग्र हो गए। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी विचार विमर्श कर रहे हैं। उन्हें मौके पर बुलाओ। ग्रामीणों की तल्खी देख किसी ने पुलिस को प्रोजेक्ट मैनेजर के बंधक बनाए जाने की सूचना दे दी। जिससे थाना पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। इंस्पेक्टर एमके उपाध्याय दलबल के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
बकौल इंस्पेक्टर प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि उसे बंधक नहीं बनाया गया है। बल्कि ग्रामीण कंपनी के जीएम से वार्ता करने की जिद कर रहे हैं। इस पर इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को समझाया। प्रोजेक्ट मैनेजर ने जीएम से ग्रामीणों की बात कराई। बताया गया कि ग्रामीणों की मांग पर मंथन चल रहा है।
ग्रामीणों ने किया लाउडस्पीकर से हुआ ऐलान
धरनास्थल पर भारी पुलिस बल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने लाउडस्पीकर से ऐलान किया कि धरनास्थल पर किसी भी अधिकारी को बंधक नही बनाया गया है। ग्रामीणों ने सिर्फ घेराबंदी कर अपनी मांग को दोहराया है। संबंधित अधिकारी से ये जाना गया कि उनकी मांग एनएचएआई के अधिकारियों तक पहुंची या नहीं।
सराफा कारोबारी आज बाजार बंद करेंगे शक्ति प्रदर्शन
मेरठ: मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सराफा कारोबारी आज बाजार बंद कर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। ज्वेलर्स के साथ पूर्व में हुई घटनाओं को लेकर कारोबारी एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा से मिलकर अपनी नाराजगी व्यक्त करेंगे। बुधवार देर शाम कारोबारियों ने सभा में एसपी सिटी को 52 अनसुलझे केसों की सूची सौंपी थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल व महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि ज्वेलर्स के साथ पूर्व में लूटपाट, ठगी और चोरी जैसी कई घटनाएं ऐसी है, जिसमें पुलिस के हाथ खाली है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जिससे नाराज सराफा कारोबारियों ने बुधवार को सभा कर रणनीति बनाई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह सराफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को बंद करके एसएसपी कार्यालय में एकत्र होंगे। यहां पर एसएसपी विपिन ताड़ा से मुलाकात कर उन्हें सभी घटनाओं से अवगत कराया जाएगा। इन सभी घटनाओं के शीघ्र एवं सही अनावरण के साथ ही शत-प्रतिशत माल की बरामदगी की मांग भी उठाई जाएगी। उसके बाद ही सभी सरार्फा व्यापारी लौटकर अपने-अपने प्रतिष्ठान खोलेंगे। उन्होंने सभी सराफा कारोबारियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में सभी निर्धारित समय पर एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे।

