जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के चार गांवो में कैंप लगाकर तीन सौ ग्रामीणों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
प्रदेश में हुऐ पंचायत चुनाव के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित रोगियों का ग्राफ तेजी के साथ बढा है । हालाकि वर्तमान में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थोड़ी धीमी जरुर पड़ी है, लेकिन इसके बाद भी खतरा लगातार बना हुआ है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सीएचसी स्याऊ के साथ ही ग्राम केलनपुर, दरवाड़ा, मिर्जापुर बेला व बागड़पुर में कैंप लगाकर संदिग्ध कोरोना रोगियों की जांच के लिए सैंपल लिये गये। स्वास्थ्य विभाग की चार टीमों ने एक दिन में 355 संदिग्धों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते लोग सहमे हुए हैं। हालांकि सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों की भीड़ पर अंकुश लगाने के लिए कोरोना कर्फ्यू लागू किया गया है। लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग घरों में बैठने के स्थान पर के खाली घूमने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिसके चलते कोरोना संक्रमण थमता नजर नहीं आ रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर केपी सिंह ने आगे भी ग्रामीण क्षेत्रों में नमूने लिये जाने की बात कही है।

