- शादी समारोह से लौट रहे दंपति, बहन और दो बच्चे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: मेरठ-करनाल हाइवे पर गांव टिटौली के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिला और एक अधेड़ तथा दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शामली सीएचसी से रैफर कर दिया गया।
यातायात के नियमों का उल्लंघन करते हुए लोग जान जोखिम में डालने से भी नहीं बच रहे हैं।
शुक्रवार को बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराडा निवासी शकील अपनी पत्नी रुकसाना तथा पांच साल के बेटे अब्दुल रहमान के साथ झिंझाना क्षेत्र के गांव पांवटी कलां में एक शादी समारोह में गए थे। वहां से वापस गांव बुटराडा लौटते समय शकील की बहन रूबिना पत्नी आबिद भी अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ उनकी बाइक पर सवार हो गई।
अब बाइक पर शकील के साथ उसकी पत्नी व बहन के अलावा दो बच्चे थे। जैसे ही बाइक सवार मेरठ-करनाल हाइवे पर गांव टिटौली के निकट पहुंचे तो पीछे से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सभी लोग और बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से रुकसाना, रूबीना और दोनों मासूम बच्चों को गंभीर हालत में रैफर कर दिया गया। वहीं शामली शहर के मोहल्ला कलंदरशाह निवासी गफ्फार शुक्रवार को अपनी पत्नी को लेने के लिए अपनी ससुराल चरथावल जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार गफ्फार सहारनपुर रोड पर गंगा अमृत हॉस्पिटल के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार गंभीर घायल
कांधला: गांव मीमला निवासी सोनू पुत्र राजसिंह शुक्रवार को अपनी बाइक से कांधला से वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही युवक किवाना मोड पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे गंभीर हालत में रैफर कर दिया गया।
दूसरी और शुक्रवार की सुबह को दिल्ली निवासी बिट्टू अपनी बाइक से बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव परासौली में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। जैसे ही युवक कस्बे के बुढ़ाना रोड स्थित रेलवे मंडी के निकट पहुंचा तो भभीसा की और से आ रहे बाइक सवार सन्नी की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइकों की टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया।

