- हिंडन नदी को मौलिक स्वरूप में लाना हम सबका दायित्व, समग्रता के साथ की जाए कार्रवाई: आयुक्त सुरेन्द्र
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आयुक्त सभागार में आयुक्त सुरेन्द्र सिंह ने हिंडन एवं उसकी सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त एवं अविरल बनाए जाने की दिशा में कदम उठाने को लेकर मेरठ, सहारनपुर मंडल के संबंधित समस्त अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि इस पूरे क्षेत्र के जल एवं आसपास की मिट्टी की जांच कराते हुए स्वच्छ बनाए जाने के लिए कार्रवाई की जाए। तथा सहारनपुर से लेकर गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर सहित हिंडन नदी के गुजरने वाले क्षेत्र के आसपास की समस्त औद्योगिक इकाइयों से अपवाहित जल की निगरानी की जाए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि दिए गए मानक के अनुसार जल को नदी में अपवाहित किया जा रहा है। मानको से इतर प्रदूषित जल हिंडन या उसकी किसी भी सहायक नदी में डाला जा रहा है तो आवश्यक कार्रवाई की जाए। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर आदि जिलो में पेपर मिल के संबंध में समिति बनाकर मॉनीटरिंग की जाए तथा संबंधित इकाइयों से सैम्पल लेते हुए निरीक्षण कराया जाए।

बैठक में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर से इस संबंध में कार्य योजना बनाते हुए प्राथमिकता पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश मिले हैं। इसके क्रम में हिंडन तथा उसकी सहायक नदियों के अपवाह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त जिलों के अधिकारी कार्य योजना बनाकर समग्रता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ एवं अपने मौलिक स्वरूप में लाए जाने के लिए प्रदेश एवं केन्द्र सरकार की ओर से लगातार प्रयास किये जा रहे हं।
जिनका सकारात्मक परिणाम कई नदियों में स्वच्छ एवं निर्मल धारा के रूप में देखने को मिला है। आयुक्त ने समस्त मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि हिंडन नदी के आसपास 2.5 किमी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर, कस्बे, गांव, तालाब अन्य कोई भौतिक इकाई को लक्षित करते हुए कार्य योजना तैयार कर प्राथमिकता पर कार्य किया जाए। हिंडन नदी में अपवाह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जल को प्रदूषण मुक्त हिंडन में अपवाहित किए जाने के लिए संबंधित समस्त विभागीय अधिकारियों की ओर से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद स्तर पर जिलाधिकारी या मुख्य विकास अधिकारी तथा संबंधित समस्त विभागीय अधिकारी, नगर पालिका, ग्राम पंचायत आदि से एक टीम का गठन किया जाए। बनाई गई टीम लगातार निगरानी एवं नदी के जल को स्वच्छ बनाए जाने के लिए संभावित प्रयास के बारे में योजनाबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होने सभी जिलों से बिन्दुवार कार्य योजना एवं एस्टीमेट तत्काल बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में मिट्टी, पानी की जांच, किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, चैकडेम बनाया जाना, वृक्षारोपण, नदी की मार्किंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, खतरनाक रसायन के उपयोग को रोकने, नदी की खुदाई, नदी को स्वच्छ बनाये जाने के लिए वॉटर अवेयरनेस, वॉटर एजुकेशन सहित नदी स्वच्छता अभियान से जुडेÞ एक्सपर्ट को अभियान में शामिल करने जैसे बिन्दुओं पर फोकस करने को कहा।
नीर फाउंडेशन के संस्थापक रमन त्यागी ने हिंडन तथा उससे संबंधित सहायक नदियों के उद्गम एवं अपवाह क्षेत्र तथा प्रदूषण मुक्त बनाए जाने के लिए चुनौतियों से संबंधित पीपीटी के जरिये दर्शाया। इस अवसर पर अपर आयुक्त चैत्रा वी., डीएफओ राजेश कुमार, मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के मुख्य विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

