जनवाणी संवाददाता |
तितावी: थाना क्षेत्र के गांव साल्हाखेडी निवासी महिला सिपाही की अमरोहा में सिपाही ने गोली मारकर हत्या कर दी। महिला सिपाही की मौत से परिवार व गांव में शोक छाया हुआ है।
बता दें कि साल्हाखेडी निवासी सविन्द्र की पुत्री मेघा 2018 में यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थी। सविन्द्र के एक पुत्र सागर व एक पुत्री थी। मेघा के बड़े भाई की शादी हो चुकी है। मेघा की प्रारम्भिक शिक्षा तितावी से शुरू हुई थी। मेघा ने शामली के सेन्ट आरसी काॅलेज से बीएड की शिक्षा प्राप्त की थी। मेघा पढ़ाई में काफी हाशियार थी। मेघा को मेरठ से ट्रेनिंग करने के बाद अमरोहा में तैनाती मिली थी।
बता दें कि थाना सैदनगली क्षेत्र से संबद्ध डायल-112 पर तैनात सिपाही मनोज चौधरी ने तमंचे से गजरौला थाने में तैनात महिला सिपाही मेघा को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। मनोज चौधरी की हालत नाजुक बनी है।
उपचार के दौरान मेघा ने दम तोड़ दिया। मेघा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग तुरन्त मुरादाबाद पहुंचे। हादसे से पूरे गांव में शोक छाया गया। काफी संख्या में ग्रामीण मेघा के मकान पर पहुंचे और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।
चर्चा है कि उसका थाना सैदनगली क्षेत्र से संबद्ध डायल-112 की गाड़ी 2797 पर तैनात सिपाही मनोज चैधरी पुत्र कृष्ण कुमार (निवासी ग्राम पाई, थाना कुंडरी, जिला केथल, हरियाणा) से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों 2018 बैच के हैं। महिला सिपाही साथी महिला सिपाही के साथ मुहल्ला अवंतिका नगर स्थित हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार के मकान में किराये का कमरा लेकर रहती थी।
परिवार के लोग मेघा के शव को लेकर देर शाम गांव साल्हाखेडी पहुंचे। मेघा का शव गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। हर तरफ चीख पुकार की आवाज सुनाई दे रही थी। गमगमीन माहौल में मेघा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

