- सुल्तानपुर हटाना गांव की महिलाओं ने किया कलक्ट्रेट में प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: सुल्तानपुर हटाना गांव की महिलाओं ने मंगलवार को राशन डीलर के खिलाफ कलक्ट्रेट में पहुूंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीलर पर मानक के अनुसार राशन का वितरण न करने का आरोप लगाते डीएम से डीलर के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। डीएम ने महिलाओं को शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
सुल्तानपुर हटाना गांव की महिलाएं काफी संख्या में कलक्ट्रेट में पहुंची। आरोप लगाया कि डीलर उनको काफी कम संख्या में राशन देता है। जब वह विरोध करते है तो डीलर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करता है। महिलाओं का कहना था कि गांव में राशन डीलर अपनी मर्जी से लोगों को राशन का वितरण करता है।
ग्रामीणों को यूनिट के आधार पर राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद भी डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने 25 दिसंबर को भी डीलर के खिलाफ शिकायत कर जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी, मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने मंगलवार को डीएम से डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही राशन पूरा नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी दी। डीएम शकुंतला गौतम ने महिलाओं को शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर हरबीरी, बलबीरी, बलवंती, राकेश देवी, सीमा, सुनीता, रेखा, बृह्मपालो, सुमन, जयपाली आदि मौजूद रही।

