- परिजनों में मचा कोहराम
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: मंगलवार को सरधना के जाफराबाद दुर्वेशपुर गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान की पुआल उतार रहा एक श्रमिक हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शामली जिले के जिजौला गांव निवासी हसीन पुत्र अनीस ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान की पुआल ढोने का काम करता है। मंगलवार को वह अपने साथी सफराज पुत्र जाहिद के साथ सरधना के दुर्वेशपुर गांव में पुआल लेकर पहुंचे थे। दोनों जीशान के गोदाम पर पुआल उतार रहे थे। जहां से हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी।
तभी हसीन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसे करंट के जोरदार झटके लगे और नीचे जा गिरा। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण उसे आनन फानन में चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौैके पर पहुंच गए। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मगर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए।
पथरी के आॅपरेशन में युवक की किडनी कटी
मेरठ: पथरी के आपरेशन के लिए भर्ती कराए गए युवक की डाक्टरों की लापरवाही से किडनी कट गयी। उसकी किडनी बुरी तरह से डेमेज हो गयी है। हैरानी इस बात की है कि किडनी डेमेज हो गयी, लेकिन किडनी की पथरी नहीं निकली। लोहिया नगर थाना के पुलिस एन्क्लेव निवासी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी सतीश त्यागी पुत्र रमेश चंद त्यागी ने मंगलवार को एडीजी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि आॅपरेशन के दौरान डाक्टरों की लापरवाही से उसके बेटे की किडनी कट गयी है।
उसने बताया कि सीसीएसयू के सामने एक अस्पताल चलाने वाले एक डॉक्टर ने उसके बेटे की किडनी की पथरी निकालने की बात कही थी। उसने यह भी बताया था कि विशेषज्ञ डाक्टर से आपरेशन कर पथरी निकलवा देगा, लेकिन जिस डाक्टर की बात तय हुई थी उससे आॅपरेशन नहीं कराया गया। एलएलआरएम मेडिकल में नौकरी करने वाले किसी अन्य डाक्टर को बुलाकर आपरेशन करा दिया। आपरेशन के दौरान उनके पुत्र के बेटे की किडनी में कट लग गया।
उसकी हालत नाजुक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इसको लेकर उन्होंने डाक्टर से विरोध जताया तो वह अभद्रता पर उतर आया। पीड़ित ने एडीजी से मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि मेडिकल पुलिस को जानकारी दी गयी थी, लेकिन मेडिकल पुलिस ने कोई कार्रवाई आरोपी पर नहीं की।

